अंबेडकरनगर, 04 अप्रैल (हि.स.)। तापमान बढ़ने के साथ ही फसलों की बर्बादी का सिलसिला शुरू हो गया है। अकबरपुर तहसील क्षेत्र के नैली गांव में रविवार को लगी आग से सैकड़ों बीघा गेहूं की तैयार फसल जलकर राख हो गई। सूचना के उपरांत फायर ब्रिगेड लगभग एक घंटे बाद मौके पर पहुंची। तब तक स्थानीय किसानों ने अपनी-अपनी ट्यूबवेल चलाकर आग पर लगभग काबू पा लिया था। तैयार फसल बर्बाद हो जाने से किसानों की आंखों से खून के आंसू गिर रहे हैं। भाजपा नेता रघुनन्दन राजभर ने जिला प्रशासन से पीड़ित किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराए जाने की मांग की है। जानकारी के अनुसार एक किसान द्वारा पिपरमेंट की फसल सीचने के लिए ट्यूबवेल चलाया जा रहा था। इसी दौरान ट्यूबवेल से निकली चिंगारी फसलों के लिए काल बन गई। तेज धूप व हवाओं के कारण देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और फसलें धू-धू कर जलने लगी। आग लगने की सूचना जैसे ही ग्रामीणों को मिली, उनमें कोहराम मच गया। हर कोई आग बुझाने के लिए दौड़ पड़ा। आग से नैली, लारपुर, सिकंदरपुर व हजपूरा गांव के किसानों की फसलें जली हैं। जानकारी के अनुसार, रतिराम वर्मा की 1.5 बीघा,ललित मोहन का 3 बीघा, बच्चूलाल 25 बिस्वा, रामदुलार 10 बिस्वा, अम्बिका 10 बिस्वा, चिंता 10 बिस्वा, राकेश 1 बीघा, हरिनाथ 35 बिस्वा, सचिदानंद 2 बीघा, जवाहिर 14 बिस्वा, रामजियावन 12 बिस्वा, नरेंद्रदेव 2 बीघा, रामनिहाल 12 बिस्वा, रामप्रसाद 12 बिस्वा, संतराम 8 बिस्वा, रामनायक 50 बिस्वा, आशाराम राजभर 15 बिस्वा, मनीष 50 बिस्वा,तिलोकी की 40 बिस्वा फसल राख हो गई है। इसके अतिरिक्त करीब 80 अन्य किसान, जो नैली, लारपुर सिकंदपुर व हजपुरा के हैं, उनकी भी फसल जल गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार लगभग 125 किसानों की फसल जल गयी है। हिन्दुस्थान समाचार/मनीष




