जयपुर,21 जून(हि.स.)। शहर के झालाना लेपर्ड रिजर्व में रविवार देर रात को मादा लेपर्ड मिसेज खान तीन शावकों के साथ ट्रैप कैमरे नजर आई है। मादा लेपर्ड मिसेज खान अब तक 13 शावकों को जन्म दे चुकी है। झालाना लेपर्ड रिजर्व में अब 38 लेपर्ड हो चुके हैं। झालाना के क्षेत्रीय वन अधिकारी जनेश्वर चौधरी ने बताया कि झालाना पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहता है। यहां पर दूर-दराज से पर्यटक लेपर्ड सफारी का लुत्फ उठाने के लिए पहुंचते हैं। झालाना लेपर्ड रिजर्व जोन एक खान एरिया में मादा लेपर्ड तीन शावकों के साथ कैमरा ट्रैप में नजर आई है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी झालाना में दूसरी मादा लेपर्ड ने शावकों को जन्म दिया था। लगातार झालाना में लेपर्ड्स का बढ़ता कुनबा वन्यजीव प्रेमियों के लिए खुशी की खबर है। लेपर्ड रिजर्व में सफारी करने आने वाले पर्यटकों के लिए नए शावक आकर्षण का केंद्र बनेंगे। इधर वन मंत्री सुखराम बिश्नोई ने की वन अधिकारियों की तारीफ की है। हिन्दुस्थान समाचार/दिनेश/ ईश्वर




