अजमेर, 20 अप्रैल(हि.स.)। पूज्य झूलेलाल जयन्ती समारोह समिति के संयोजन में शहर की विभिन्न आवासीय काॅलोनियों व क्षेत्रीय सिंधी पंचायतों, सामाजिक संस्थाओं, स्कूलों के आपसी सहयोग से 7वां झूलेलाल जयंती महोत्सव 3 अप्रेल से 18 अप्रेल तक राज्य सरकार की जारी गाइडलाइन की पालना कर मनाया गया। अध्यक्ष कंवल प्रकाश किशनानी ने बताया कि 16 दिन में 36 विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये गये, जिसमें 26 संस्थाओं का सहयोग रहा। ऑनलाइन आयोजन कर सभी संस्थाओं के सहयोग के लिये आभार प्रकट करते हुये कोरानाकाॅल में सभी के स्वस्थ व मंगल कामना ईष्टदेव झूलेलाल से प्रार्थना पल्लव से की गई। महामंत्री महेन्द्र कुमार तीर्थाणी नें बताया कि 21 फुट की ईष्टदेव झूलेलाल की मूर्ति की स्थापना व संत-महात्माओं के सान्निध्य में ध्वजारोहण कार्यक्रम के साथ जतोई दरबार में दांदूराम साहेब दरबार ट्रस्ट की देखरेख में हुआ जिसमें बाहर से भी श्रृद्धालु उपस्थित हुये। 16 दिवसीय तक धार्मिक व सांस्कृतिकों में सिन्धी संस्कृति, पहनावा, बोली व युवाओं में सिन्धु संस्कारों को बढावा देने के लिये इस पखवाडे में इस बार आॅनलाइन कार्यक्रमों पर जोर दिया गया। रक्तदान शिविर, सिन्धु रत्न सम्मान, सिन्धियत जी सुहिणी शाम, विचित्र वेशभूषा, नवसंवत्सर संगोष्ठी, बुजुर्गों का सम्मान, सिन्धी लेडीज क्लब का जलसा, झूलेलाल छठी उत्सव, मुण्डन हवन जनेउ, पंचाग टिप्पणो विमोचन,प्रभात फेरी, सिन्धी भाषा मान्यता दिवस, संत कवंरराम जयंती, हेलमेट रैली शोभायात्रा का मार्ग में जगह जगह स्वागत जैसे कार्यक्रमों आयोजित किये गये। हिन्दुस्थान समाचार/संतोष/ ईश्वर




