जयपुर, 12 मई (हि.स.)। कोविड की दूसरी लहर के कारण कोराना संक्रमण बहुत तेज गति से बढ़ रहा है। संक्रमण को ध्यान में रखकर रेलवे चिकित्सालयों में कोविड से संक्रमित मरीजों के उपचार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उत्तर पश्चिम रेलवे के सभी मण्डल चिकित्सालयों तथा केन्द्रीय चिकित्सालय जयपुर में कोविड संक्रमित मरीजों के उपचार के लिए आइसोलेशन वार्ड बनाए गए है। यहां सभी डाक्टर व मेडिकल स्टॉफ पूरी निष्ठा के साथ अपने कर्तव्य को निभा रहे हैं। वर्तमान स्थितियों में सभी रेलकर्मी और उनके परिवारजन एकजुट होकर इस महामारी से बखूबी मुकाबला कर रहे है। उत्तर पश्चिम रेलवे का महिला कल्याण संगठन इस समय में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। सेवाभाव की परम्परा को निभाते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन ने केन्द्रीय चिकित्सालय, जयपुर में कोविड आइसोलेशन वार्ड में भर्ती संक्रमित मरीजों के उपचार में सहायक स्टीम इनहेलर प्रदान किए। इन इनहेलर की उपलब्धता से कोविड मरीजों को उपचार के दौरान स्टीम की सुविधा आसानी से प्राप्त होने में सहायता मिलेगी। हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/संदीप




