जयपुर, 14 जून (हि.स.)। शहर के अतिरिक्त मुख्य महानगर मजिस्ट्रेट क्रम-3 महानगर द्वितीय ने सहायक रेडियोग्राफर व लैब टेक्नीशियन भर्ती-2020 में अनियमिता के मामले में जांच कर रही एसओजी से पन्द्रह जून तक प्रगति रिपोर्ट तलब की है। अदालत ने यह आदेश विनोद कुमार यादव व अन्य के परिवाद पर दिए। परिवादी की ओर से अधिवक्ता मोहित खंडेलवाल ने अदालत को बताया कि कर्मचारी चयन बोर्ड ने गत वर्ष सहायक रेडियोग्राफर के एक हजार 58 और लैब टेक्नीशियन के एक हजार 119 पदों पर भर्ती निकाल कर अभ्यर्थियों का चयन किया था। इस दौरान अनियमितता बरतते हुए कई अपात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति दे दी गई। जबकि कई अभ्यर्थियों ने दूसरे राज्यों से गलत तरीके से डिप्लोमा हासिल किए हैं। पूर्व में एसओजी ने अदालत को बताया था कि प्रकरण में परिवाद दर्ज कर जांच की जा रही है। इस पर अदालत ने एसओजी से जांच की प्रगति रिपोर्ट पेश करने को कहा है। हिन्दुस्थान समाचार/ पारीक/ ईश्वर




