बांसवाड़ा, 21 अप्रैल (हि.स.)। अजमेर विद्युत वितरण निगम के अधिकारियों से अपने क्षेत्र में झूलते तारों को हटाने की मांग करना एक पार्षद को उस समय भारी पड़ गया जब निगम ने समाधान करने के स्थान पर तारों को हटाने के लिए एक लाख से अधिक का डिमांड नोटिस जारी कर राशि जमा करने को कह दिया। नगर परिषद बांसवाड़ा के वार्ड 28 के पार्षद गीता यादव ने सहायक अभियंता को पत्र लिखकर उनके क्षेत्र में जनहानि की आशंका जताते हुए पुराने पोल एवं झूलते विद्युत तारों को हटाने की मांग की। इस जनसमस्या का समाधान करने के लिए निगम के अधिकारियों ने वार्ड पार्षद के नाम एक लाख 6 हजार 774 रुपए का डिमांड नोटिस जारी कर राशि जमा करने को कहा। जब पार्षद गीता यादव ने जनहित में यह कार्य करने को कहा तो अधिकारियों ने यह कह दिया कि जब तक राशि जमा नहीं होगी तब तक कार्य करना संभव नहीं है। इस पर पार्षद ने मामले में आवश्यक कार्यवाई की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को शिकायत भेजी है। हिन्दुस्थान समाचार/ सुभाष/ ईश्वर




