जयपुर, 31 मई(हि.स.)। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं शिक्षा मन्त्री गोविंद सिंह डोटासरा ने केंद्र सरकार पर वैक्सीन संकट में सहयोग नहीं करनेे का आरोप लगाया है और इसके लिए प्रदेश के सभी 25 भाजपा सांसदोंं को भी दोषी ठहराया है। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में सोमवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में डोटासरा ने कहा कि इन सभी सांसदों द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के समक्ष प्रदेश में व्याप्त कोरोना वैक्सीन के संकट के संबंध में जुबान न खोल पाना लोकतंत्र के साथ अन्याय है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेता कोरोना महामारी के समय में अपने शासन के 7 वर्ष पूरे होने पर जश्न न मनाने की घोषणा करने के उपरांत भी अपनी झूठी उपलब्धियों को जोर-शोर से प्रचारित कर रहे हैं। इनका प्रयास आम जनता का मुख्य मुद्दों से ध्यान भटकाना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के नेता और सभी सांसद प्रधानमंत्री मोदी से आग्रह कर प्राथमिकता के आधार पर प्रदेश को मुफ्त वैक्सीन उपलब्ध कराएं और यदि संभव ना हो तो राज्य सरकार पूरा नकद भुगतान कर यह वैक्सीन खरीदने को तैयार है। कांग्रेस पार्टी हर कीमत पर हर प्रदेश वासी की जान को बचाए रखना चाहती है। बाबा रामदेव के संबंध में पूछे गए एक सवाल पर डोटासरा ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी के इशारे पर जानबूझकर एलोपैथी और आयुर्वेद विवाद उत्पन्न कर देशवासियों का ध्यान बांटने का एक असफल प्रयास किया जा रहा है। एक अन्य प्रश्न के उत्तर में उन्होंने वैक्सीन के डोज बचने और खराब होने के संबंध में केंद्र की वैक्सीन पॉलिसी को जिम्मेदार ठहराया। इसके अनुसार वैक्सीन लगाने की प्रक्रिया अभी केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित की गई है और इसी प्रक्रिया के चलते वैक्सीन डोज के बचे हुए अधिकतम भाग वेस्ट हो रहे हैं, फिर भी संतोष की बात यह है कि इस श्रेणी में अन्य राज्यों की तुलना में राजस्थान 13वें स्थान पर है। डोटासरा ने प्रदेशवासियों के हित के लिए सड़क से सदन तक सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संघर्ष के लिए तैयार रहने को कहा। उनके अनुसार देश में कोरोना आपदा प्रबंधन के मामले में प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सर्वत्र सराहना हो रही है और केंद्र सरकार के असहयोगात्मक रवैया के उपरांत भी प्रदेश सरकार अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए दिन रात एक किये हुए है। प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री द्वारा केंद्र सरकार के स्वास्थ्य विभाग को अनेेक पत्र ईमेल तथा टेलिफोनिक वार्ता के द्वारा भी संपर्क किए जाने के बाद भी ना तो उत्तर दिया जा रहा है और ना ही वैक्सीन प्राप्ति के लिए कोई समय सीमा निर्धारित की जा रही है। राजनीतिक नियुक्तियों और मंत्रिमंडल विस्तार से संबंधित प्रश्न पर डोटासरा ने कहा कि कोरोना संकट हल होने के बाद जल्द से जल्द इस पर निर्णय कर लिया जाएगा। 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं पर शिक्षा मंत्री ने शीघ्र ही तिथि की घोषणा करने का आश्वासन दिया। हिन्दुस्थान समाचार/संदीप/ ईश्वर




