अलवर, एजेंसी । बहरोड़ पुलिस और बदमाश के बीच शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे आमने-सामने फायरिंग हुई। जिसमें बहरोड़ पुलिस ने बदमाश अजय खोहरी को गिरफ्तार कर लिया। फायरिंग में अजय खोहरी के पैर में गोली लगी है। सूत्रों के अनुसार सुबह सूचना मिली थी कि हरियाणा के रेवाड़ी की ओर से बदमाश नीमराना की तरफ आ रहा है। सूचना पर बहरोड़ थाना अधिकारी विरेंद्र पाल अपने जाप्ते के साथ नीमराणा की तरफ पहुंचे। जहां खोहर बसई के पास अजय खोहरी बाइक पर आता दिखा। जिसे पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो उसने पुलिस पर फायर किया। बदमाश की पहली गोली पुलिस के वाहन पर लगी, दूसरी थानाधिकारी की ब्लड प्रूफ जैकेट पर जबकि तीसरा उसने हवाई फायरिंग किया। जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भी फायरिंग की और उसे दबोच लिया। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद अस्पताल ले गई। जहां से उपचार के बाद थाने लेकर आई। फिलहाल आरोपी को थाने में कड़ी सुरक्षा में रखा गया है। पुलिस अधिकारी आरोपी से पूछताछ कर रहे हैं। मामले का आधिकारिक रूप से एसपी भिवाड़ी दोपहर तक खुलासा करेंगे।
यह था मामला
बहरोड में धुलंडी की रात खोहरी गांव में खोहरी निवासी संजय यादव उर्फ मुन्ना नाम के युवक की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। युवक भाजपा कार्यकर्ता था। हत्या के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए थे। बदमाशों ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर इस हत्या की जिम्मेदारी ली। जिसमें अजय खोरी और एक अन्य शामिल था। तभी से एसपी भिवाड़ी बहरोड़ में कैंप किए हुए है।




