लुधियाना, 12 जून (हि.स.)। पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति में गड़बड़ी के चलते विवादों में घिरे कैबिनेट मंत्री साधू सिंह धर्मसोत का विरोध तेज होने लगा है। शनिवार को फतेहगढ़ साहिब के बस्सी पठाना में एक पार्क का उद्घाटन करने पहुंचे मंत्री को आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं ने काली झंडिया दिखाई। इसके बाद आप कार्यकर्ताओं ने जालंधर बाइपास चौक में एससी-एसटी पोस्ट मैट्रिक घोटाले को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और कैबिनेट मंत्री धर्मसोत का पूतला फूंका। प्रदर्शनकारियों की अगुवाई जिला इकाई के प्रधान सुरेश गोयल ने की। उन्होंने कहा कि राज्य की सरकार दलितों के हितों की अनदेखी कर रही है। एससी-एसटी छात्रों को मिलने वाले स्कॉलरशिप का पैसा भी छात्रों को नहीं मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई गरीब दलित छात्र अपनी आगे की पढ़ाई भी जारी नहीं रख पा रहे है और कैबिनेट मंत्री का नाम इस घोटाले में सामने आया है लेकिन उनके खिलाफ मुख्यमंत्री व पार्टी की तरफ से कोई एक्शन नहीं लिया गया। ऐसे में मंत्री को अपने पद से त्यागपत्र दे देना चाहिए था। उन्होंने सरकार से मांग की कि इस घोटाले में शामिल मंत्री के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए। अगर सरकार ने इस मामले में कोई ठोस कदम नहीं उठाया और कार्रवाई नहीं की तो आप इस मुद्दे को लेकर जनआंदोलन करेगी। हिन्दुस्थान समाचार / कुमार




