नई दिल्ली, रफ्तार। मानसून की फिर से वापसी के बाद कई राज्यों में भारी बारिश हो रही है। महाराष्ट्र, उत्तराखंड और हिमाचल में बारिश होने से तबाही मची है। इन राज्यों में मौसम विभाग द्वारा अलर्ट जारी किया गया है। मुंबई, ठाणे और पालघर के लिए ऑरेंज और रायगड के लिए अलर्ट जारी है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि आज दोपहर से बारिश की गति कम होगी और लोगों को कुछ राहत मिलेगी। वहीं, उत्तराखंड की उत्तरकाशी में गुरुवार रात भारी बारिश हुई। इससे यमुना नदी उफान पर है। जानकीचट्टी में बनी पार्किंग तक जल स्तर पहुंच गया। यमुनोत्री धाम में तटबंध बह गए।
यमुनोत्री मंदिर को जोड़ने वाले की दीवार बही
उत्तराखंड में बारिश से यमुना नदी के किनारे के घाट क्षतिग्रस्त हो गए हैं। यमुनोत्री धाम के पास यमुनोत्री मंदिर को जोड़ने वाले पुल की सुरक्षा दीवार भी बही है। यमुनोत्री धाम को जोड़ने वाले पैदल मार्ग पर राम मंदिर पर स्थित पंजीकरण सत्यापन केंद्र भी क्षतिग्रस्त हुआ है।
हिमाचल के 5 जिलों में येलो अलर्ट
हिमाचल प्रदेश के पांच जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कांगड़ा, ऊना, बिलासपुर, सोलन और सिरमौर में अलर्ट जारी किया है। इन जगहों पर आंधी, बिजली गिरने और बारिश की संभावना बनी है। एक दिन पहले मनाली के अंजनी महादेव में बादल फटने से बाढ़ आई थी, जिसमें तीन घर बह गए।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





