नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । महाराष्ट्र के सियासी हलकों में इस समय एक सवाल गूंज रहा है कि क्या मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बीच सब कुछ ठीक है? दरअसल, महाराष्ट्र सरकार में एक ही पद पर दो अलग-अलग नियुक्ति आदेश जारी किए गए हैं, जो यह सवाल उठाने के लिए पर्याप्त हैं कि क्या सरकार के भीतर कुछ तनाव है। यह स्थिति सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गई है और ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि सरकार में सब कुछ सामान्य नहीं चल रहा है।
BEST महाप्रबंधक के पद पर नियुक्ति विवाद
महाराष्ट्र में BEST महाप्रबंधक के पद पर दो अलग-अलग आदेशों को लेकर सियासी हलचल बढ़ गई है। डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे की अगुवाई में शहरी विकास विभाग ने अश्विनी जोशी को इस पद का अतिरिक्त प्रभार देने का आदेश जारी किया। लेकिन, मुख्यमंत्री कार्यालय ने उसी दिन इस आदेश को पलटते हुए आशीष शर्मा को नियुक्त कर दिया।
इस विवाद पर जब मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस मामले की कोई जानकारी नहीं है। वहीं, एनसीपी विधायक रोहित पवार ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि यह महायुति सरकार का BEST कॉर्डिनेशन है। जैसे ही BEST महाप्रबंधक श्रीनिवास रिटायर हुए मुख्यमंत्री कार्यालय ने आशीष शर्मा को अतिरिक्त प्रभार दिया, जबकि शहरी विकास विभाग ने अश्विनी जोशी को इसी पद का जिम्मा सौंपने का आदेश जारी किया। इस विवाद से यह प्रतीत होता है कि फडणवीस और शिंदे के बीच इस महत्वपूर्ण पद को लेकर अपनी-अपनी नियुक्तियों को लेकर प्रतिस्पर्धा चल रही है।
आदित्य ठाकरे का तंज, फडणवीस-शिंदे के बीच समन्वय खत्म
शिवसेना (उद्धव) के नेता आदित्य ठाकरे ने BEST महाप्रबंधक के पद पर दो अलग-अलग आदेशों को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे के बीच समन्वय की कमी पर तंज कसा। आदित्य ठाकरे ने कहा, “अच्छा तो यह है कि राज्य सरकार जानबूझकर BEST को खत्म कर रही है, लेकिन सबसे खराब बात यह है कि मुख्यमंत्री और ‘गद्दारनाथ’ मिंधे के बीच का समन्वय पहले ही खत्म हो चुका है।”
आदित्य ने सवाल उठाते हुए कहा, “सीएम के जनरल एडमिनिस्ट्रेशन डिपार्टमेंट (GAD) ने BEST महाप्रबंधक के पद के लिए एक नाम का आदेश जारी किया, जबकि शिंदे के शहरी विकास विभाग ने दूसरे नाम का आदेश दिया। क्या नाम तय करने से पहले डिप्टी सीएम ने सीएम से चर्चा नहीं की थी?”
BEST महाप्रबंधक के पद पर दो नियुक्तियां
BEST (बेस्ट अर्बन सर्विसेज ट्रांसपोर्ट) मुंबई में सरकारी बस सेवाओं का संचालन करती है। हाल ही में BEST के महाप्रबंधक एसवी आर श्रीनिवास रिटायर हो गए हैं, जिसके बाद राज्य सरकार ने एक ही दिन में इस पद पर दो अलग-अलग नियुक्तियां कर दीं, जिससे राज्य सरकार में खलबली मच गई। आशीष शर्मा, जो फिलहाल जीएसटी कमिश्नर हैं और अश्विनी जोशी, जो बीएमसी में एडिशनल कमिश्नर हैं, दोनों को इस पद के लिए नियुक्त किया गया। यह स्थिति सियासी हलकों में चर्चा का विषय बन गई है, खासकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे के बीच समन्वय की कमी को लेकर।





