नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के काफिले को रोकने वाले चरखारी के BJP विधायक अपने विवादित बयानों को लेकर फिर सुर्खियों में आ गए हैं। एक हालिया कार्यक्रम में उन्होंने कहा, “मंत्री क्या चीज है, अगर आपका आशीर्वाद मिला तो मुख्यमंत्री को भी रोक देंगे।” इस कार्यक्रम के दो वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं और लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गए हैं। हालांकि, हम इन वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करते हैं। जल जीवन मिशन के तहत चल रहे कार्यों में कथित गड़बड़ी को लेकर मंत्री का काफिला रोकना इस विवाद का मुख्य कारण बताया जा रहा है।
मंत्री का काफिला रोकना बताया ‘कोई बड़ी बात नहीं’
दरअसल, चरखारी से बीजेपी विधायक बृजभूषण राजपूत ने हाल ही में महोबा में 40 गाड़ियों के काफिले के साथ जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का काफिला रोक दिया था। मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि उनके हालिया बयानों ने राजनीतिक गलियारों में फिर हलचल मचा दी है। सोशल मीडिया पर उनके दो वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, एक 2 मिनट 3 सेकेंड और दूसरा 2 मिनट 38 सेकेंड का है। इन वीडियो में विधायक ने कहा कि मंत्री का काफिला रोकना उनके लिए कोई बड़ी बात नहीं है। उन्होंने यह भी दावा किया कि जब वे विधायक नहीं थे, तब उन्होंने झांसी जाकर तत्कालीन मंत्री प्रदीप जैन को ‘बंधक’ बना लिया था।
विधायक ने अपने बयानों में कहा कि जनता की बात कमरे में बैठकर नहीं बल्कि सड़क पर उठाई जाती है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि अगर जनता की आवाज उठाना अनुशासनहीनता मानी जाती है, तो इसके लिए वे तैयार हैं। उनका कहना है कि वह केवल जनता की बात सामने ला रहे हैं, किसी पदोन्नति या ठेके की मांग नहीं कर रहे। बृजभूषण राजपूत ने आगे कहा कि जनता ने उनका विधायक वाला रूप देखा है और पहले भी उन्होंने लापरवाह अधिकारियों को अनुशासन सिखाया है। कुल मिलाकर, उनके विवादित बयान और वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में हैं और विधायक लगातार किसी न किसी मुद्दे को लेकर बयान देते रहते हैं।
अखिलेश यादव पर किया कटाक्ष
बृजभूषण राजपूत ने कहा कि यह उनका ‘विधायक वाला रूप’ है। विधायक बनने से पहले वह बुंदेलखंड अधिकार सेना के नेतृत्व में सक्रिय थे और बाद में भाजपा में शामिल हुए। भाजपा में शामिल होने के बाद से वह पार्टी के अनुशासन का पालन कर रहे हैं। विधायक राजपूत ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर भी कटाक्ष किया और कहा कि विधायक और मंत्री को डिब्बा न समझें। भाजपा में हर विधायक और सांसद तो इंजन की तरह काम करते हैं, डिब्बा शायद उनकी पार्टी में ही होता होगा।





