28/04/2021 मंदसौर 28 अप्रैल (हिस)। कोरोना के कारण लगे लाॅकडाउन का पालन अभी भी कई लोग नहीं कर रहे हैं। ऐसे लोगों के लिए पुलिस द्वारा लगातार रक्षित निरीक्षक विजयकांत शुक्ला के नेतृत्व में रोको – टोको अभियान चलाया जा रहा है। रोज बेवजह सडकों पर घूमने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई जिलेभर में की जा रही है। बुधवार को मंदसौर में बेवजह घूमने वालों पर नए तरीके से कार्रवाई की गई। महाराणा प्रताप बस स्टेेंड और प्रतापगढ़ पुलिया पर पुलिस ने बेवजह घूम रहे लोगों को रोका। इसके बाद उनके हाथ में गुब्बारे थमाए। गुब्बारों को फुलाने के लिए कहा। जिन लोगों से गुब्बारे नहीं फूल पाए, उनका फेफड़ा कमजोर होना पुलिस ने बताया। वहीं घर या अस्पताल जाने की सलाह दी। जिन लोगों ने गुब्बारे फुला दिए। उन्हें फेफड़े ठीक होने की बात कहीं, लेकिन संक्रमण का खतरे से भी आगाह कराया। साथ ही घर से बाहर नहीं निकलने की हिदायत दी। मंदसौर पुलिस ने की व्यापारियों से अपील मंदसौर पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही है, कि शहर के कुछ व्यापारियों के द्वारा कोरोना कर्फ्यू का उल्लघंन कर अपने व्यापारिक प्रतिष्ठानों को खोल कर व्यापार किया जा रहा है। कोरोना कर्फ्यू का उल्लंघन किया जा रहा है। इस संबंध में मंदसौर पुलिस द्वारा समस्त व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर ड्रोन कैमरे से लगातार नजर रखी जा रही है एवं जिन व्यापारियों के द्वारा प्रतिष्ठान खोले जा रहे हैं, उनके व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर सख्त कार्रवाई भी मंदसौर पुलिस द्वारा की जा रही है। हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलौया




