उज्जैन, 25 अप्रैल (हि.स.)। आखिरकार पुलिस ने आज अवैध रूप से जहरीली शराब बनाने के आरोपित बांस खेड़ी के सरपंच को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित सरपंच लंबे समय से भेरूगढ़ थाना क्षेत्र में जहरीली शराब बनाने का अवैध कारोबार संचालित करता आ रहा था। वह झींझर कांड का मुख्य आरोपित था। उज्जैन पुलिस कप्तान सत्येंद्र कुमार शुक्ला को रविवार को सूचना मिली कि बांस खेड़ी का सरपंच नरेंद्र कुमरावत अवैध रूप से जहरीली शराब बनाने के काम में लगा हुआ है। इस जानकारी पर उन्होंने अपनी टीम को मौके पर रवाना कर दिया। हालांकि आरोपित सरपंच मौके पर से भागने में कामयाब रहा लेकिन उज्जैन पुलिस ने वहां से 8 ड्रम स्प्रिट के बरामद करने के साथ अन्य सामग्री बरामद की। इसके बाद फरार हुए सरपंच की गिरफ्तारी को लेकर उज्जैन पुलिस कप्तान शुक्ला ने चारों तरफ अपनी टीम को फैला दिया। आखिर जहरीली शराब के निर्माता बांस खेड़ी का सरपंच नरेंद्र कुमरावत मछली की तरह पुलिस टीम के जाल में फंस गया और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। हिंदुस्थान समाचार/गजेंद्र सिंह तोमर





