इंदौर, 20 मार्च (हि.स.)। हमारे अध्याय में अब ज्योतिरादित्य सिंधिया समाप्त हो चुके हैं। वे अब भाजपा के एक सदस्य हैं। भाजपा लोकतंत्र की हत्या करना चाहती है, जबकि कांग्रेस पार्टी उनका विरोध करते हुए लोकतंत्र की रक्षा करना चाहती है और करती रहेगी। यह बात शनिवार को पूर्व मंत्री और विधायक जीतू पटवारी ने कांग्रेस के लोकतंत्र सम्मान दिवस कार्यक्रम के दौरान कही। पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि आज दो चीजों से बचने की सबसे ज्यादा आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से कोरोना महामारी लोगों की जान ले रही है, ठीक उसी प्रकार से लोकतंत्र की हत्या भाजपा, नरेंद्र मोदी सरकार और आरएसएस की विचारधारा ने की है। ये लोग लगातार चुनी हुई सरकारों को गिराने का काम कर रहे हैं। अगर लोकतंत्र बचाना है तो सबसे पहले इस विचार से लड़ना होगा कि जो वोट मिला है, उसकी हत्या करना है। भाजपा ने आज के ही दिन मप्र में लोकतंत्र की हत्या की, संविधान का मजाक उड़ाया, बाबा साहेब की अवहेलना भी की। इसीलिए पूर्व सीएम कमलनाथ ने आदेश दिया था कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा करना है। लोगों को हमें याद दिलाना है कि जो सत्ता में बैठे हैं वे लोकतंत्र के हत्यारे हैं। वे जरूर मुख्यमंत्री बने बैठे हैं, लेकिन हमें पता है कि वे लोकतंत्र के हत्यारे हैं। हम उनका विरोध करते हैं। हिन्दुस्थान समाचार/केशव दुबे





