सतना, 10 मार्च (हि.स.)। जिले के मैहर स्थित शासकीय विवेकानंद महाविद्यालय के सभाकक्ष में 12 मार्च की संध्या 7 बजे से ‘‘ठुमरी’’ समारोह का आयोजन संस्कृति विभाग एवं भोजपुरी साहित्य अकादमी के संयुक्त तत्वाधान में किया जा रहा जा रहा है। कार्यक्रम प्रदेश की संस्कृति, पर्यटन एवं अध्यात्म मंत्री ऊषा ठाकुर के मुख्य अतिथ्य में आयोजित होगा। सहायक जनसम्पर्क अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता सतना सांसद गणेश सिंह करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में मैहर विधायक नारायण त्रिपाठी उपस्थित रहेंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में ‘‘ठुमरी’’ आधारित कथक समूह नृत्य में रूद्रवा नियोगी-सहाना नृत्य समूह, संगीताजली कथक समूह नृत्य एवं ‘‘ठुमरी’’ गायन विनोद मिश्रा द्वारा प्रस्तुत किये जायेगे। कार्यक्रम में प्रवेश निःशुल्क रहेगा। इस दौरान शासन द्वारा कोरोना संबंधी जारी गाइडलाइन का पालन किया जायेगा। हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश




