रांची, 05 जून (हि. स.)। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने शनिवार को पार्टी कार्यालय में मोर्चा के प्रदेश अध्यक्षों के साथ बैठक की। प्रकाश ने कहा कि सेवा ही संगठन कार्य में मोर्चा की भूमिका सराहनीय है। मोर्चा पार्टी की सशक्त इकाई है जिसके जिम्मे समाज के विभिन्न वर्गों में पार्टी की नीतियों कार्यक्रमो को पहुचाने की जिम्मेवारी है। प्रधानमंत्री का यह संकल्प सबका साथ, सबका विकास में मोर्चा के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं की बड़ी भूमिका है। उन्होंने मोर्चा के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि कोरोना संक्रमण के बीच मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने पार्टी द्वारा निर्धारित सेवा कार्यक्रमो को कड़ी मेहनत एवम परिश्रम से गरीबों,जरूरतमंदों तक पहुचाया। उन्होंने कहा कि मोर्चा कार्यकर्ताओं ने पूरे प्रदेश में ऐतिहासिक रक्तदान शिविर आयोजित किये। उन्होंने महिला मोर्चा की बहनो को बड़ी संख्या में रक्तदान में भागीदारी के लिये बधाई एवं शुभकामनाएं दी। प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि विभिन्न मोर्चो को बूथ स्तर तक संगठन की दृष्टि से मजबूत करने की आवश्यकता है। पार्टी को सर्व स्पर्शी और सर्व व्यापी बनाने में मोर्चा कार्यकर्ताओं की बड़ी जिम्मेवारी है। सिंह ने मोर्चा अध्यक्षों से शेष बचे संगठनात्मक रचना को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। बैठक में शिवशंकर उरांव, अमरदीप यादव, किसलय तिवारी, पवन साहू, आरती कुजूर उपस्थित थे । हिन्दुस्थान समाचार/कृष्ण




