कोडरमा, 27 जून (हि.स.)। कोडरमा में बिना कागजात चल रहे माइका गोदामों पर प्रशासनिक छापामारी से जिले में हड़कंप की स्थिति बन गई है। जिले में वर्षों से यह कारोबार संचालित है, लेकिन वर्तमान समय में संचालित यह व्यवसाय कागजात विहीन हो गया है। डीसी रमेश घोलप के निर्देश पर जिलास्तर पर गठित टीम ने रविवार को झुमरीतिलैया के मोंटी शर्मा, राजू केडिया, गुड्डू सिंह, भारती कुमार, चंद्रकांत साव और डोमचांच में ओम साईं इंटरप्राइजेज के गोदामों में छापेमारी की गई। इस दौरान माईका स्क्रैप की बड़ी मात्रा जब्त की गई जिसका कोई कागज नहीं दिखाया गया। सभी पांच गोदामों को फिलहाल सील कर दिया गया है। छापेमारी में एसडीओ मनीष कुमार के अलावा डीएमओ मिहिर सिलकर, एसडीपीओ अशोक कुमार, कोडरमा सीओ अनिल कुमार, थाना प्रभारी द्वारिका राम मौजूद थे। हिंदुस्थान समाचार/ संजीव




