नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के मुंबई स्थित आवास पर इनकम टैक्स रेड की खबरों को उनके वकील ने सिरे से खारिज कर दिया है। गुरुवार को शिल्पा शेट्टी के अधिवक्ता प्रशांत पाटिल ने एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि अभिनेत्री के घर किसी भी तरह की इनकम टैक्स रेड नहीं हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सिर्फ आयकर विभाग की ओर से की गई एक सामान्य प्रक्रिया यानी “रूटीन वेरिफिकेशन” थी। वकील ने कहा कि सार्वजनिक मंच पर जानबूझकर फैलाए जा रहे भ्रामक दावों का कानूनी रूप से जवाब दिया जाएगा।
ईओडब्ल्यू केस से जोड़ना शरारतपूर्ण
प्रशांत पाटिल ने बयान में कहा कि जिन लोगों ने इस कथित कार्रवाई को आर्थिक अपराध शाखा (EOW) के मामले से जोड़ने की कोशिश की है, उनके खिलाफ उचित कानूनी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने दोहराया कि शिल्पा शेट्टी कुंद्रा के खिलाफ किसी भी प्रकार की इनकम टैक्स रेड नहीं हुई है और ऐसी खबरें पूरी तरह भ्रामक हैं। वकील के मुताबिक, आयकर अधिकारियों की मौजूदगी को गलत तरीके से पेश किया गया।
क्यों फैली रेड की अफवाह
दरअसल, दिन में कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि आयकर विभाग ने शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा से जुड़े ठिकानों पर मुंबई, पुणे और बेंगलुरु समेत कई शहरों में तलाशी ली है। इन खबरों में यह भी कहा गया कि कार्रवाई शिल्पा के रेस्टोरेंट ब्रांड ‘बास्टियन’ से जुड़े एक कथित मामले के सिलसिले में हुई। इससे पहले बेंगलुरु पुलिस ने बास्टियन गार्डन सिटी समेत दो पब्स के खिलाफ तय समय से ज्यादा देर तक संचालन के आरोप में कार्रवाई की थी।
₹60 करोड़ के मामले में जांच जारी
इस बीच, राज कुंद्रा और शिल्पा शेट्टी मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा की जांच का भी सामना कर रहे हैं। दोनों पर ₹60 करोड़ के आपराधिक विश्वासघात और धोखाधड़ी का मामला दर्ज है। पुलिस ने आईपीसी की धारा 406 के साथ अब धारा 420 भी जोड़ी है। यह केस मुंबई के एक व्यवसायी दीपक कोठारी की शिकायत पर दर्ज हुआ था, जिन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें एक निवेश और लोन डील में ठगा गया। मामले में दोनों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं।
राज कुंद्रा का बयान
राज कुंद्रा ने सोशल मीडिया पर आरोपों को निराधार बताते हुए कहा है कि मामले को बेवजह आपराधिक रंग दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की जा चुकी है और उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है।





