14/05/2021 गिरिडीह, 14 मई ( हि. स .) । बगोदर थाना क्षेत्र के अड़वारा गांव में रामधन महतो (65) की एक जहरीले सांप के काटने से मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक गुरुवार की शाम रामधन महतो खेत की ओर गया था। इसी दौरान एक विषैले सांप ने उसे डस लिया। घर वालों को जब इस बात की जानकारी हुई तो परिजन झाड़ फूंक और ओझा गुणी के चक्कर में पड़ कर तंत्र-मंत्र के माध्यम से पूरे दिन उसका झाड़-फूंक कराया। लेकिन उसकी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। जब उसकी स्थिति काफी बिगड़ गयी तो परिजन उसे लेकर बगोदर सीएचसी पहुंचे, जहां उसे स्नैक एंटी वेनम का इंजेक्शन लगाया गया। लेकिन ओझा गुणी और झाड़ फूंक के दौरान विष उसके पूरे शरीर में फैल चुके होने के कारण इलाज के क्रम में बगोदर सीएचसी में उसकी मौत हो गई। हिन्दुस्थान समाचार /कमलनयन




