जम्मू, 15 जून (हि.स.)। जम्मू संभाग में जून के महीने में भी सुबह व शाम को मौसम सुहावना चल रहा है। हालाकि पिछले कुछ दिन लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा और तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। अब पिछले तीन दिनों से तापमान 36 डिग्री के आसपास ही बना हुआ है। मंगलवार सुबह भी पहले तो तेज धूप निकल आई लेकिन उसके बाद बादलों ने आसमान को घेर लिया। इस दौरान तेज हवाओं के बीच हल्की बूंदाबंदी हुई और तेज हवाएं बादलों को अपने साथ उड़ा कर ले गई और कुछ ही देर में सूर्य देवता ने अपना प्रचंड़ रूप दिखाना शुरू कर दिया। इस दौरान उमस में बढोतरी हुई है। हालाकि अभी भी तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के करीब बना हुआ है। वहीं मौसम विभाग ने मंगलवार शाम को एक बार फिर बादल छाने तथा जम्मू-कश्मीर के कईं स्थानों पर हल्की बारिश तथा बूंदाबांदी की संभावना व्यक्त की है। विभाग के अनुसार 16 जून तक मौसम इसी तरह का बना रहेगा। वहीं दूसरी ओर कश्मीर में भी पिछले 24 घंटों में कुछ क्षेत्रों पर हल्की बूंदाबांदी ही हुई है। इसी बीच जम्मू का न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि बनिहाल का 13.4, बटोत 14.0, कटड़ा 21.2, भद्रवाह 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्रीनगर का न्यूनतम तापमान 16.2, काजीगुंड का 12.4, पहलगाम 7.3, कुपवाड़ा 12.5, कोकरनाग 12.3 और गुलमर्ग का 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं लद्दाख के लेह का न्यूनतम तापमान 8.0 जबकि कारगिल का 13.6 डिग्री सेल्सियस रहा। हिन्दुस्थान समाचार/सुमन/बलवान




