उधमपुर 20 मई (हि.स.)। जिला अस्पताल उधमपुर के प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बलविंदर सिंह ने कहा कि अस्पताल प्रशासन कोविड उपचार और प्रबंधन प्रोटोकॉल को लागू करने के लिए तीन स्तरीय प्रणाली के साथ काम कर रहा है। मीडिया कांफ्रेंस में सम्बोधित करते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि प्रोटोकॉल को अमल में लाने के लिए मेडिकल स्टाफ की तीन अलग-अलग टीमों को तैनात किया गया है “पहली श्रेणी में चार नर्सों द्वारा सहायता प्राप्त चिकित्सा अधिकारी शामिल हैं जो गंभीर रोगियों को हर संभव सेवा प्रदान करने के लिए कोविड वार्ड में चौबीसों घंटे उपलब्ध हैं। इसी तरह नए मरीजों को देखने के लिए चिकित्सकों (एमडी मेडिसिन) की एक टीम उपलब्ध करवाई जाती है, जबकि नोडल अधिकारी, जो सलाहकार विशेषज्ञ हैं, प्रवेश स्तर पर चीजों का प्रबंधन कर रहे हैं। डॉ. सिंह ने कहा कि मौजूदा संकट ने चिकित्सा योद्धाओं के लिए एक बड़ी चुनौती पेश की है, लेकिन वे मरीजों को सर्वोत्तम संभव सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि पैरामेडिक्स, नर्स और सफाई कर्मचारी चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं और इस खतरनाक वायरस से प्रभावी ढंग से लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनमें से कई ने इस युद्ध में बहादुर सैनिकों की तरह सर्वोच्च बलिदान दिया है। इसके अतिरिक्त उन्होंने कहा कि इस युद्ध को सामूहिक रूप से जीता जा सकता है और उन्होंने संक्रमण की श्रृंखला को तोड़ने के लिए कोविड उपयुक्त व्यवहार का पालन करने में जनता का सहयोग मांगा. । उन्होंने कहा कि “केवल डॉक्टर और पैरामेडिक्स अकेले इस युद्ध को नहीं जीत सकते, नागरिक समाज को भी अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए। उन्हें उचित तरीके से कोविड के मानदंडों का पालन करना होगा। टीकाकरण के बारे में डॉ. सिंह ने कहा कि इस महामारी से लड़ने के लिए टीका ही अंतिम हथियार है। हम तभी जीत सकते हैं जब हर व्यक्ति टीकाकरण के लिए आगे आएगा। यह सुरक्षित है और हमें संक्रमण से बचाएगा।” चिकित्सा अधीक्षक ने लोगों को सलाह दी कि यदि किसी में गले में खराश, बुखार, खांसी, सर्दी जैसे लक्षण विकसित होते हैं तो तुरंत परीक्षण के लिए जाएं क्योंकि प्रारंभिक अवस्था में उपचार जल्दी ठीक होने की गारंटी देता है। उन्होंने कहा कि 8 से 10 दिनों के लक्षणों के बाद युवाओं सहित अधिकांश लोग अस्पताल आते हैं, जब स्थिति खराब हो जाती है जिससे जीवित रहने की दर भी कम हो जाती है। हिन्दुस्थान समाचार/मोनिका/बलवान




