नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। कश्मीर के अनंतनाग में 18 मई 2024 को आतंकवादियों ने जयपुर के दंपति को अपना निशाना बना डाला, आतंकवादियों की फायरिंग में दोनों पति पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। अब घायल महिला 23 मई 2024 को जयपुर पहुंच गयी है। घायल महिला का नाम फरहा है, जिसको इलाज के लिए एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में ले जाया गया। फरहा का यहां सीटी स्कैन किया गया और ड्रेसिंग भी की गई।
पीड़ित महिला ने आतंकवादियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है
घायल महिला के पति तबरेज इस घटना में बुरी तरह घायल हो गए थे, इनको इलाज के लिए चेन्नई रेफर किया गया है। फरहा ने एक मीडिया चैनल को अपनी पूरी घटना बताई। वह इस घटना से बुरी तरह डरी हुई थी। पीड़ित महिला ने आतंकवादियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। फरहा ने अपने पति तबरेज के इलाज के लिए प्रधानमंत्री मोदी से गुहार लगाई है। फरहा ने कहा कि जब वे घूमने के लिए 13 मई 2024 को कश्मीर पहुंचे थे तो उन्होंने खुद अपने पति से कहा था कि बेकार में लोग कश्मीर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाते हैं। यहां तो सब आम शहरों की तरह माहौल है।
पति के दोनों आंखों से खून बह रहा था
फरहा ने बताया कि उसका यह विश्वास उस समय टुटा जब वे लोग अपने रिश्तेदारों के साथ इस ट्रिप पर 18 मई को अनंतनाग के होटल में पहुंचे थे। फरहा ने बताया कि उनके पति और वह सबसे पीछे थी। तभी वहां फायरिंग शुरू हो जाती है, जिसमे उनके पति और उन्हें गोली लग जाती है। फरहा ने बताया कि फायरिंग के समय उनका बेटा डर के मारे कुर्सी के पीछे जाकर छुप गया था। जब वह अपने बेटे को बचाने के लिए दौड़ी तो एक गोली उनको(फरहा को) लग गई थी। उस दौरान जब फरहा की नजर अपने पति पर पड़ी तो उनके पति के दोनों आंखों से खून बह रहा था। फरहा ने बताया कि मेरे कंधे से खून बह रहा था। दोनों पति पत्नी चीख रहे थे। थोड़ी देर बाद उनके रिश्तेदार होटल से बाहर आते हैं और उन्हें अस्पताल लेकर जाते हैं।
पति के लिए एक आंख डोनेट करवाकर हमारी एक और मदद कर दो
फरहा ने बताया कि फाॅर्स ने उनका खूब ध्यान रखा और वहां से वे लोग उन्हें दूसरे अस्पताल लेकर गए। जहां उनके पति तबरेज की आंख और नाक की पूरे पांच घंटे तक सर्जरी हुई थी। फरहा ने जयपुर पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री से अपने पति के इलाज के लिए मदद की गुहार लगाईं है। फरहा ने कहा कि सरकार ने हमारी इतनी मदद की है। मेरे पति के लिए एक आंख डोनेट करवाकर हमारी एक और मदद कर दो। साथ ही आतंकवादियों के लिए सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





