कठुआ, 22 मार्च (हि.स.)। आईसीडीएस विभाग के सहयोग से जिला सूचना केंद्र, कठुआ द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढाओ के बारे में आम लोगों में जागरूकता पैदा करने के लिए, राजीव गांधी मेमोरियल कॉलेज ऑफ एजुकेशन कठुआ में सोमवार को एक बहुभाषी मुशायरा व सांस्कृतिक बोनान्जा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर चेयरपर्सन, राजीव गांधी मेमोरियल कॉलेज ऑफ एजुकेशन मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम के दौरान कॉलेज का स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज के छात्रों द्वारा पारंपरिक सरस्वती वंदना से हुई। वहीं मुशायरा के दौरान विभिन्न कवियों ने बेटी बचाओ बेटी पढाओ पर हिंदी, उर्दू, पंजाबी और डोगरी भाषाओं में अपनी रचनाएँ प्रस्तुत कीं। अपनी रचनाओं को सुनाने वाले कवियों में प्रमुख रूप से विजय शर्मा, टी आर सुम्ब्रिया, आर एस काटल, रेणु पाधा, धरमवीर, रमेश गलोच, शाम लाल खजुरिया, मदन लाल तोफान और अन्य शामिल थे। डोगरी, हिंदी और पंजाबी गीतों के साथ एक शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम भी कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर बोलते हुए, चेयरपर्सन अनु डोगरा ने बेटी बचाओ बेटी पढाओ पर बहुभाषी मुशायरा और सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन के लिए सूचना विभाग को धन्यवाद दिया और इस तरह के और कार्यक्रम आयोजित करने के लिए विभाग से अपील की। हिन्दुस्थान/समाचार/सचिन/बलवान





