उधमपुर, 1 जून (हि.स.)। व्यापारमंडल उधमपुर का एक प्रतिनिधिमंडल उप प्रधान विजय शर्मा की अध्यक्षता में जिलाधीश इंदु कंवल चिब से मिला। इस अवसर पर उन्हांेने देविका प्रोजैक्ट के तहत चल रहे सीवरेज के धीमी गति से कार्य के कारण आम जनता व दुकानदारों को हो रही परेशानी से उन्हें अवगत करवाया। विजय शर्मा ने जिलाधीश से नगर के बाजारों, देविका प्रोजैक्ट के अंतर्गत चल रहे सीवरेज कार्यों की धीमी गति पर गहरी चिंता प्रकट करते हुए कहा कि विभिन्न बाजारों, जिनमें कोर्ट रोड, लम्बी गली, रामनगर , सलाथिया , बस स्टैंड, आदि क्षेत्र शामिल हैं, वहां पर खुदाई के उपरांत मलवे के ढेर लगे हुए हैं। जहां से वाहन तो क्या पैदल गुजरना भी मुश्किल हो रहा है। इससे लोगों को तो मुश्किल हो रही है, दुकानदारों को भी भारी मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है। क्योंकि ग्राहक दुकानों पर आने से कतराते हैं। उन्होंने मांग की कि गड्ढों को तुरंत भरा जाए तथा साथ ही साथ उस सड़क की ब्लैकटापिंग की जाए। उसके उपरांत ही अगला कार्य प्रारंभ किया जाए। वहीं उन्होंने जिलाधीश से रोस्टर में रह गई दुकानों को भी सम्मलित करने की मांग की। इस दौरान उन्होंने मिठाई की दुकानों को जो एक दिन का समय दिया है, उसमें बढ़ौतरी करने की मांग की। वहीं जिलाधीश ने आए प्रतिनिधिमंडल की बातों को बड़े ध्यानपूर्वक सुनने के उपरांत उन्हें आश्वासत किया कि उनके द्वारा उठाई गई मांगों पर जल्द गौर कर उन्हंे हल करने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर उनके साथ राहुल मंगोत्रा, महासचिव कमल गुप्ता, नवीन कुमार, अंकित सैनसन आदि सम्मलित थे। हिन्दुस्थान समाचार/रमेश/बलवान




