उधमपुर, 4 मार्च(हि.स.)। श्री चैंतरा माता प्रबंधक कमेटी ने गत सप्ताह रामनगर-बलांद रूट पर चलने वाली बस सर्बिस बंद हो जाने को लेकर रोष जताया है। श्री चैंतरा माता प्रबंधक कमेटी के प्रधान सागर वर्मा ने बताया कि रामनगर-बलांद रूट पर गत 6 वर्षों से चलने वाली बस सर्बिंस गत सप्ताह से किन्हीं कारणों के चलते बंद हो गई तथा बस आॅपे्रटर ने उक्त बस को किसी अन्य रूट पर लगा दिया है, जिस कारण रामनगर में आने-जाने वाले लोग खासकर विद्यार्थी वर्ग को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि बस सर्बिस बंद होने तथा केवल एक ही मैटाडोर चलने के कारण विद्यार्थी वर्ग को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है, क्योंकि मैटाडोर ओवर लोड होकर चलती है तथा उसकी इतनी कैपेसिटी नहीं है कि वह बस जितनी सवारी को बिठा सके जबकि मजबूर होकर लोगों खासकर विद्यार्थियों को मैटाडोर की छतों पर बैठकर अपना सफर तय करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मैटाडोर के ओवर लोड़ होने के कारण यह आशंका बनी रहती है कि कहीं कोई दुर्घटना ना घट जाए। उन्होंने एसडीएम रामनगर से मांग करते हुए कहा कि जल्द से जल्द एमवीडी विभाग से बात कर इस रूट पर बस सेवा को बहाल किया जाए ताकि लोगों खासकर विद्यार्थी वर्ग को पेश आ रही परेशानी से उन्हें राहत मिल सके। हिन्दुस्थान समाचार/रमेश/बलवान ——-




