29/03/2021 कुल्लू, 29 मार्च (हि.स.)। मणिकर्ण घाटी में ट्रेकिंग पर जा रहे एक युवक की मौत हो गई। मौत किन कारणों से हुई इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। सूचना मिलने के पश्चात मध्य रात्रि को ही पुलिस टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो गई थी। जानकारी के अनुसार सोलन जिला के तीन युवक खीरगंगा में ट्रेकिंग के लिए जा रहे थे। रास्ते में एक युवक की तबीयत अचानक बिगड़ गई तथा उसे उल्टियां शुरू हो गई तथा कुछ ही समय के पश्चात उसकी मौत हो गई। युवक के साथ उसका बड़ा भाई व दोस्त था, जिन्होंने स्थानीय लोगों के सहयोग से रात के समय मृतक के शव को बरशैनी तक पहुंचाया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम बरशैनी के लिए रवाना हो गई। पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस को मिली सूचना के अनुसार करण पुत्र प्रवीण मेहता हिमांशु चौहान पुत्र कमल प्रकाश उसका छोटा भाई निखिल चौहान (21) निवासी कुनिहार जिला सोलन खीरगंगा के लिए रवाना हुए थे लेकिन रास्ते में निखिल की तबीयत खराब हो गई तथा उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत किन कारणों से हुई इसकी जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल/सुनील





