90 पद भी भरे जाऐंगे धर्मशाला, 20 अप्रैल (हि.स.)। कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक की 15 शाखाओं को मॉडल शाखाएं बनाया जाएगा। बैंक में जल्द ही 90 पदों पर भर्ती भी की जाएगी। यह जानकारी मंगलवार को धर्मशाला में पत्रकार वार्ता में कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष कमल नयन ने दी। उन्होंने कहा कि बैंक का कारोबार बढ़ाने और वर्ष 2022 तक इसे अग्रणी बैंक बनाने के लिए काम किया जा रहा है। वर्ष 2022 तक बैंक में 500 करोड़ का लक्ष्य निर्धारित किया गया है जिसे पूरा करने के लिए बैंक प्रबधंन पूरी मेहनत कर रहा है। बैंक के अध्यक्ष ने कहा कि कोरोना काल के बावजूद इस बार पिछले वर्ष की अपेक्षा बैंक के बिजनस में सात करोड़ का इजाफा हुआ है। उन्होंने इसके लिए बैंक के अध्किारियों व कर्मचारियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि बैंक को प्रदेश के अन्य सहकारी बैंकों में अग्रणी बैंक बनाने के लिए बैंक की 15 शाखाओं को मॉडल शाखाएं बनाने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा बैंक में स्टॉफ की कमी को दूर करने के लिए प्रबंधक सहित र्क्लक और चर्तुथ श्रेणी के 90 पद भरने की प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाएगी। ताकि बैंक उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में सहकारी बैंकों को जिस तरह से मदद मिल रही है उससे आने वाले समय में कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक को प्रदेश का अग्रणी बैंक बनाने की पूरी कोशिश होगी। हिन्दुस्थान समाचार/सतेंद्र/सुनील




