हमीरपुर, 17 मार्च (हि. स.)। मंडी से भाजपा सांसद रामस्वरूप शर्मा के आकस्मिक निधन पर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्रियों पर प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल और शांता कुमार ने गहरा शोक जताया है। पूर्व मुख्यमंत्री धूमल ने कहा कि रामस्वरूप का जाना दुखद रहा है लेकिन उनका आत्महत्या करना और भी दुखद है। उन्होंने कहा कि राम स्वरूप के साथ पुराने संबंध रहे हैं और वह भाजपा की पूर्व की सरकारों में बोर्ड व निगमों अध्यक्ष और उपाध्यक्ष में रहे हैं। वे हमेशा एक मिलनसार और सरल आदमी थे। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री शान्ता कुमार ने कहा है कि राम स्वरूप का निधन अत्यन्त दुखद और एक महा आश्चर्य है न तो भरोसा हो रहा है और न ही कुछ समझ आ रहा है। वे अब नही रहे। प्रभु उनकी आत्मा को शांति दें, परिवार को शक्ति दें। शान्ता ने राम स्वरूप एक समर्पित ईमानदार और परिश्रमी कार्यकर्ता थे। साधारण कार्यकर्ता से अपने परिश्रम के कारण लोक सभा के सांसद बने। दो महीने पहले पालमपुर कायाकल्प में 10 दिन तक उपचार करवाया। मुझे मिले-बिलकुल सामान्य थे। कल ही एक विषय पर फ़ोन पर उनसे लम्बी बातचीत हुई। भारतीय जनता पार्टी ने एक समर्पित परिश्रमी ईमानदार नेता को खो दिया। उनकी कमी कभी पूरी नही होगी। हिन्दुस्थान समाचार/सुनील/उज्जवल




