गुरुग्राम, 21 जुलाई (हि.स.)। कोरोना की संभावित तीसरी लहर को देखते हुए सरकार, प्रशासन ने अपने स्तर पर तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। बच्चों में होने वाले संक्रमण की आशंका के चलते उसी हिसाब से यहां तैयारियां हो रही हैं।
इसी को लेकर जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त डा. यश गर्ग ने बुधवार को गुरुग्रामवासियों को चेताया है कि वे कोरोना की तीसरी लहर की आशंका को जेहन में रखें। कोरोना की अभी धीमी हुई रफ्तार को हल्के में ना लें।
उपायुक्त डा. यश गर्ग ने कहा कि जिला में कोरोना के मामलों में निरंतर कमी देखी जा रही है। इसके बावजूद भी आमजन को सतर्क रहने की जरूरत है। लापरवाही नुकसान दायक साबित हो सकती है। अभी तक कोरोना पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। सभी जिलावासी स्वयं को कोरोना से बचाने के लिए निरंतर सतर्क रहें तथा सरकार द्वारा जारी हिदायतों का पालन करें।
उपायुक्त ने कहा कि जिला में कोरोना ढलान की ओर है। जिलावासी भविष्य के लिए सतर्क रहें एवं लापरवाही न बरतें। सभी जिलावासी कोविड उचित व्यवहार को जीवन का हिस्सा बनाएं। वे हमेशा मास्क का प्रयोग करे, 2 गज की सामाजिक दूरी का पालन करें तथा अपने हाथों को बार-बार हैंड सेनेटाइजर या साबुन एवं पानी से साफ करते रहें।
अनावश्यक रूप से भीड़ का हिस्सा न बने तथा तंग बाजारों में जाने से बचें। सरकार द्वारा जारी कोविड हिदायतों का स्वेच्छा से पालन करेें। यह सभी हिदायतें आमजन के स्वास्थ्य के दृष्टिगत जारी की गई है। जिला प्रशासन द्वारा घरों में एकांतवास में रह रहे मरीजों को मेडिकल किट वितरित की गई है, जिनमें आवश्यक स्वास्थ्य उपकरण, दवाईयां एवं रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने की दवाई व काढ़ा शामिल है।
हिन्दुस्थान समाचार/ईश्वर/संजीव





