फतेहाबाद, हि.स.। जिले में बाढ़ के बाद से जहरीले जीवों के निकलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को भी जिले के गांव ढाणी ईसर में कोबरा से ज्यादा जहरीली माने जाने वाली खतरनाक प्रजाति का सांप पकड़ा गया। कॉमन क्रेट प्रजाति का यह सांप कोबरा से 4 गुना ज्यादा खतरनाक और भारत का सबसे जहरीला सांप माना जाता है।
दो और सांपों की तलाश जारी
जहरीले सांप के मिलने की खबर से गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत इस बारे में प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद स्नेक कैचर पवन जोगपाल के नेतृत्व में टीम गांव में पहुंची और एक ग्रामीण के पशु बाड़े से इस सांप को पकड़ा गया। सांप के पकड़े जाने के बावजूद ग्रामीणों की परेशानी कम नहीं हुई है। काफी तलाश के बावजूद दो सांप अभी पकड़े नहीं गए हैं, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ढाणी ईसर गांव भी उन गांवों में शामिल था, जो कि बाढ़ की चपेट में आए थे। आज पकड़ा गया यह सांप जितना सुंदर और फुर्तीला है वहीं उतना ही खतरनाक भी है।
दोनों सांप काफी ढूंढने के बाद भी नहीं मिले
जानकारी के अनुसार ग्रामीणों ने गांव में शनिवार को 2 कॉमन क्रेट और एक कोबरा सांप को देखा। यह सांप गांव के ओमप्रकाश बुडानिया के घर में बने पशु बाड़े में थे। बाद में मौके पर पहुंची पवन जोगपाल की टीम ने उपलों के बीच छिपकर बैठे एक कॉमन क्रेट सांप को तो पकड़ लिया लेकिन बाकी दोनों सांप काफी ढूंढने के बाद भी नहीं मिले। इस पर स्नेक कैचर टीम ने ग्रामीणों को एहतियात बरतने को कहा है। पकड़े गए सांप को टीम द्वारा रिहायशी एरिया से दूर जंगलों में छोड़ा जाएगा।
कोबरा से भी है 4 गुना घातक
पकड़े गए कॉमन क्रेट सांप के बारे में पवन जोगपाल ने बताया कि यह सांप दिन में शांत रहता है और रात को एक्टिव हो जाता है। शिकार की तलाश में निकल पड़ता है। यह सांप बेहद पतला, फुर्तीला और सुंदर दिखता है। इसका जहर कोबरा से 4 गुना घातक माना जाता है इसलिए भारत में खतरनाक सांपों की श्रेणी में इसे पहले नंबर पर और कोबरा को दूसरे नंबर पर रखा गया है।




