नई दिल्ली, 21 जून ( हि.स.)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लोगों से योग और मेडिटेशन को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने सोमवार को सातवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ट्वीट कर लिखा ‘अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आइए संकल्प लें योग और मेडिटेशन को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का। महामारी के इस मुश्किल वक्त में अपना ध्यान रखें, स्वस्थ रहें।’ इससे पहले बीते दिन दिल्ली सरकार ने योग और मेडिटेशन को घर-घर तक पहुंचाने के लक्ष्य के साथ नए योग केंद्र की शुरुआत की है। खुद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस योग एवं मेडिटेशन ट्रेनिंग सेंटर का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उद्घाटन किया। सरकार ने इसके लिए निःशुल्क योग ट्रेनर उपलब्ध कराने की बात भी की है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का कहना है कि ‘अगर लोग ग्रुप बना कर योग सीखने की इच्छा जताते हैं, तो सरकार उन्हें मुफ्त में इंस्ट्रक्टर मुहैया कराएगी। लोग इंस्ट्रक्टर को अपनी आरडब्ल्यू, पार्क या किसी अन्य जगह पर बुला सकते हैं।’ जिसके लिए एक बजट भी तय किया गया है। इस माध्यम से दिल्ली में योग को जन आंदोलन बनाने की मुहिम चलाई जा रही है। सरकार ने ‘मेडिटेशन और योग विज्ञान’ में एक वर्षीय डिप्लोमा कोर्स शुरू किया, जिसमें लगभग 450 उम्मीदवारों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया है। एक अक्टूबर से ये प्रशिक्षक दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में लोगों को नि:शुल्क ट्रेनिंग देंगे। हिन्दुस्थान समाचार/ श्वेतांक




