नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। स्वाति मालीवाल साथ सीएम आवास में हुई कथित मारपीट के मामले में गिरफ्तार हुए विभव कुमार ने अग्रिम जमानत के लिए हजारी कोर्ट में याचिका दाखिल कर दी है। इसके साथ ही विभव कुमार ने स्वाति मालीवाल से मारपीट के आरोप को गलत बताया है। विभव कुमार ने ये भी कहा कि मैं हर जांच में सहयोग करने के लिए तैयार हूं। दिल्ली पुलिस ने आरोपी विभव कुमार को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने विभव कुमार को सीएम हाउस से गिरफ्तार किया था। विभव कुमार ने दिल्ली पुलिस से उसकी शिकायत को भी संज्ञान में लेने की अपील की है।
मामले पर आज होगी सुनवाई
विभव कुमार का कहना है कि कहा है उन पर लगाए गए आरोप गलत हैं इसके लिए उन्होंने अग्रिम जमानत के लिए याचिका भी दायर कर दी है। विभव के मामले को अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सुशील अनुज त्यागी के सामने लिस्टेड किया गया है और इसपर आज ही सुनवाई होनी तय हुई है। इससे पहले आपको बता दें कि दिल्ली पुलिस ने विभव को आज सीएम आवास से गिरफ्तार किया था। जिसके बाद पुलिस उन्हें सिविल लाइंस थाने ले गई थी।
विभव ने भी की शिकायत
इस पूरे मामले को लेकर विभव ने अपनी शिकायत पुलिस को मेल कर भेजी थी। जिसमें उन्होंने स्वाति मालीवाल पर सीएम आवास में जबरन घुसने का आरोप लगाया था। साथ ही शिकायत में कहा था कि मालीवाल बिना अपॉइंटमेंट के सीएम से मिलने पहुंची थी। इसके अलावा उन्होंने वहां पर हंगामा मचाया। शिकायत के अनुसार, जब विभव ने मालीवाल को रोकने की कोशिश की तो मालीवाल ने उन्हें अपशब्द कहे और मारपीट करने की कोशिश की। शिकायत में विभव ने यह भी कहा है कि मालीवाल उनपर झूठे आरोप लगाकर उन्हें फंसाने की कोशिश कर रही हैं और उनपर दवाब बना रही हैं।
आप ने पूरे मामले को बताया राजनीतिक साजिश
हालांकि आप पार्टी की तरफ से पूरे मामले को राजनीतिक साजिश करार दिया जा रहा है। आप की नेता और दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी ने प्रेस कांफ्रेंस कर यह दावा किया कि अभी तक जो दो वीडियो सामने आए हैं, उनमें ऐसा कुछ भी नहीं देखने को मिल रहा है। स्वाति मालीवाल ने जिस प्रकार के आरोप लगाए है वो सब झूठे है। आतिशी ने इस मामले को भाजपा का षडयंत्र बताया है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




