नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। संसद के पांच दिवसीय स्पेशल सेशन की शुरुआत हो गई है। लोकसभा और राज्यसभा दोनो सदनो में कार्यवाही भी शुरू हो गई है। सदन के शुरूआत में लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने संबोधित करते हुए सरकार को जी 20 के सफल आयोजन के लिए बधाई दी। इसके बाद पीएम मोदी ने सदन को संबोधित करते हुए संसद के इतिहास का जिक्र किया और तमाम पुराने दिग्गज नेताओं को भी याद किया। इसके साथ राज्यसभा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, ‘हमारे यहां सत्ता का हस्तांतरण बदूंक के दम पर नहीं हुआ। गांधी जी ने जो आजादी दिलाई वह अहिंसा पर थी।
नेहरू जी ने विपक्ष के नेता को मंत्री बनाया- खरगे
इसके साथ मल्लिकार्जुन खरगे ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा- हमारे नड्डा साहब हमें छोटा करने के लिए INDI बोलते हैं, नाम बदलने से कुछ नही होता हम हैं INDIA…हमें बार-बार टोका जाता है कि 70 साल में क्या किया आपने, हमने 70 साल में इस देश के लोकतंत्र को मजबूत किया है। उन्होंने कहा इस भवन में 75 सालों के दौरान इस देश की सूरत बदली है। हम तेजी से आगे बढ़ सके इसके लिए नेहरू जी ने सबको साथ लेकर चलने का रास्ता चुना था। उन्होंने अपनी पहली कैबिनेट में विपक्ष के लोगों को शामिल किया था।
खरगे ने उठाया मणिपुर का मुद्दा
खरगे ने आगे कहा, आप तो हमारी परछाई भी नहीं देखना चाहते। नेहरू जी के बारे में कई बातें की गई। जिस व्यक्ति ने 14 साल जेल में बिताए, उसने सत्ता पाने के बाद बड़े-बड़े कारखाने बनाए। नेहरू जी ने विपक्ष के नेता को मंत्री बनाया। वे संसद का सम्मान करते थे। वे विपक्ष के नेताओं को ध्यान से सुनते थे। अब तो लोग संसद में आते ही नहीं है। उन्हें देखे हुए बहुत दिन हो गए। मुझे सदन की शक्तियों से ईर्श्या है। मैं सबकी बातें सुनना चाहता हूं। मजबूत विपक्ष न होने का अर्थ है व्यवस्था में कमी है। अब मजबूत विपक्ष है तो उसके घर ईडी सीबीआई भेजी जाती है। प्रधानमंत्री देश के हर इलाके में जाते हैं लेकिन वे मणिपुर क्यों नहीं जाते है।
संविधान का निर्माण करने में बाबा साहेब की भूमिका अहम
राज्यसभा में मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, ‘संविधान का निर्माण करने वाली 7 लोगों के सदस्यों की भूमिका में सबसे जरूरी भूमिका बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की है। बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर ने देश को मजबूत करने के लिए संविधान का निर्माण किया। ये कांग्रेस की सरकार में हुआ। हमने इस संविधान को मेहनत से कमाया है, और हम इसे गंवाना नहीं चाहते है। कई लोगों को लगता था कि भारत अंगूठा छाप देश है।
प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू इस देश की नींव है
राज्यसभा में कांग्रेस चीफ मल्लिकार्जुन खरगे ने संबोधित करते हुए कहा, “यहां मुझे कम नेताओं को सुनने का मौका मिला। जवाहर लाल नेहरू जब प्रधानमंत्री थे, तो देश की नींव पड़ रही थी। जो पत्थर नींव में पड़ते हैं वे दिखते नहीं है। जबकि जो पत्थर दीवार पर लगते हैं वही दिखते हैं। सभापति जी, आप बहुत दिलदार हैं। आपसे गुजारिश करता हूं कि संजय सिंह और राघव चड्डा को वापस बुला लें। आप अमीर हो गरीब हो पढ़े हो अनपढ़ हो आपका वोट एक ही होगा। अमीर लोग जैसे अडानी, उनका भी एक ही वोट है।




