नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। देश 15 अगस्त को अपना 77वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। सरकार इस आजादी के पर्व को खास बनाने के लिए ‘मेरी माटी मेरा देश’ अभियान के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाने का कार्यक्रम रख रही है। यह अभियान नौ अगस्त को शुरू किया जाएगा और स्वतंत्रता दिवस तक चलेगा। सभी ब्लॉक स्तरों और पंचायतों पर यह कार्यक्रम 30 अगस्त तक चलेगा। इसका समापन दिल्ली के कर्तव्य पथ पर होगा, जहां देश भर की पंचायतों से लाई गई मिट्टी से अमृत वाटिका बनाई जाएगी।
इससे पहले ‘हर घर तिरंगा अभियान’
गौरतलब है कि पिछले साल केंद्र सरकार द्वारा ‘हर घर तिरंगा अभियान’ की घोषणा की गई थी। इस अभियान को देशवासियों ने बड़े उत्साह से अपने घरों में तिरंगा फहरा कर मनाया था। अब इस बार देशवासी ‘मेरी माटी मेरा देश‘ अभियान के साथ आजादी के पर्व को मनाएंगे। इस अभियान के तहत देशभर के पंचायतों की मिट्टी से दिल्ली के कर्तव्य पथ पर ‘अमृत वाटिका’ बनाई जाएगी। यह स्वतंत्रता, एकता और अखड़ता में योगदान देने वाले नायकों को समर्पित ‘आजादी का अमृत महोत्सव स्मारक’ होगा।
क्या है ‘मेरी माटी मेरा देश’ अभियान?
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 30 जुलाई को ‘मन की बात’ के 103वें संस्करण के दौरान ‘मेरी माटी मेरा देश’ अभियान की घोषणा की थी। संस्कृति मंत्रालय के अनुसार 12 मार्च 2021 को आजादी का अमृत महोत्सव शुरू किया गया था और देशभर में तकरीबन 2 लाख कार्यक्रमों के साथ इसमें भारी जन भागीदारी देखी गई। अब मेरी माटी-मेरा देश अभियान के चलते भारत के वीर सपूतों को श्रद्धांजलि देने का कार्यक्रम 9 अगस्त से 30 अगस्त तक चलेगा। इस कार्यक्रम में वीरांगनाओं की स्मृति में ग्राम पंचायतों में ‘शिलाफलकम’ (स्मारक पट्टिका) स्थापित की जाएंगी। इस दौरान अमृत कलश यात्रा भी निकाली जाएगी। इसके तहत देश के कोने-कोने से लाई गई मिट्टी से दिल्ली में ‘अमृत वाटिका’ बनाई जाएगी। यह अमृत वाटिका ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता की प्रतीक होगी।
75 स्वदेशी पौधे
इस दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रम में विकसित भारत, गुलामी की हर सोच से मुक्ति, विरासत पर गर्व, एकता और एकजुटता व नागरिकों के अपने कर्तव्य पालन के पंच प्रण का आह्वान किया जाएगा। इसके अलावा अपने गांव, पंचायत और क्षेत्र और धरती को बचाने के लिए 75 स्वदेशी पौधे लगाये जाएंगे।
अमृत कलश यात्रा का आयोजन
इस पूरे कार्यक्रम की घोषणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में अपने मन की बात के दौरान कहा था। कार्यक्रम के समापन के मौके पर अमृत कलश यात्रा भी निकाली जाएगी। इसके तहत देश के अलग-अलग कोने से लाई गई मिट्टी से दिल्ली के कर्तव्य पथ पर अमृत वाटिका का निर्माण होगा।
अभियान का वेबसाइट और पोर्टल लॉन्च
संस्कृति सचिव ने कहा कि जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए, एक वेबसाइट https://merimaatimeradesh.gov.in/ लॉन्च की गई है, जहां लोग मिट्टी या मिट्टी का दीपक हाथ में लेकर अपनी सेल्फी अपलोड कर सकते हैं। ऐसा करके, वे भारत को एक विकसित देश बनाने, गुलामी की मानसिकता को खत्म करने, हमारी समृद्ध विरासत पर गर्व करने, एकता और एकजुटता बनाए रखने, नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों को पूरा करने और राष्ट्र की रक्षा करने वालों का सम्मान करने पर ध्यान केंद्रित करते हुए पंच प्राण की प्रतिज्ञा ले सकते हैं। इसके साथ युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय की सचिव मीता राजीवलोचन ने बताया कि युवा सेल्फी और पौधरोपण जैसी अपनी गतिविधियों को इस वेबसाइट पर अपलोड करके भी https:// yuva.gov.in/meri_maati_mera_desh पोर्टल के माध्यम से अभियान में शामिल हो सकते हैं। कार्यक्रम में भागीदारी का एक डिजिटल प्रमाणपत्र वेबसाइट से डाउनलोड किया जा सकता है।




