नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । शनिवार की सुबह राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में लगातार भारी बारिश जारी रही। इससे शहर के कई इलाकों में पेड़ उखड़ गए। इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग ने आज 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं, गरज के साथ छिटपुट बारिश का अनुमान लगाया है। शुक्रवार को हुई बारिश के बाद ठंड और बढ़ गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, शनिवार को हवा की गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ से ‘मध्यम श्रेणी’ में आ गई, सुबह 6 बजे कुल AQI 189 दर्ज किया गया। दिल्ली में शुक्रवार, 27 दिसंबर, 2024 को 15 साल में दिसंबर में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई।
दिल्ली-एनसीआर समेत अन्य राज्यों में भी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को झमाझम बारिश हुई। तापमान भी 10 डिग्री से नीचे लुढ़क गया। मौसम विभाग ने आज शनिवार को भी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। वहीं, रविवार को काफी घने कोहरे और सोमवार को घने कोहरे का अलर्ट है। इस दौरान धीरे-धीरे दिन का तापमान बढ़ने और नए साल पर 1 जनवरी को अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर समेत देश के अन्य राज्यों में भी बारिश का सिलसिला जारी है। जबकि कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड के पहाड़ों में बर्फबारी हो रही है। मौसम विभाग ने उत्तर भारत के राज्य पंजाब, राजस्थान, हरियाणा, यूपी भी हल्की बारिश और शीतलहर का अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली की वायु गुणवत्ता में सुधार
बारिश के कारण दिल्ली की वायु गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ। केंद्र के वायु गुणवत्ता निगरानी पैनल ने पहले वायु गुणवत्ता में सुधार के बाद GRAP चरण IV को रद्द कर दिया था। पैनल ने शुक्रवार को एक बार फिर शहर और आसपास के इलाकों में लगातार बारिश जैसी अनुकूल मौसम स्थितियों के कारण संशोधित ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के चरण III उपायों को रद्द कर दिया। हालांकि, वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने पुष्टि की कि GRAP के चरण I और II के तहत कार्रवाई लागू रहेगी।
दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में AQI
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, आज सुबह 6 बजे तक दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में निम्नलिखित AQI दर्ज किए गए: ओखला फेज 2 (217), अलीपुर (164), रोहिणी (423), आईटीओ (178), अशोक विहार (194), शादीपुर (225), मुंडका (231), जहांगीरपुरी (198), नरेला (176), डीटीयू (147), आर.के. पुरम (195), आनंद विहार (252), पूसा (162), और पंजाबी बाग (214)।




