नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । दिल्ली पुलिस की 31 वर्षीय कॉन्स्टेबल सोनिका यादव ने साबित किया कि मातृत्व कमजोरी नहीं, बल्कि शक्ति की मिसाल है। ऑल इंडिया पुलिस वेटलिफ्टिंग क्लस्टर 2025-26 में उन्होंने 145 किलो वजन उठाकर दमदार प्रदर्शन किया, और सभी के लिए प्रेरणा बनकर नई उपलब्धि दर्ज की।
दिल्ली पुलिस की कॉन्स्टेबल सोनिका यादव ने अपने 7वें महीने की प्रेग्नेंसी में ही 145 किलो वजन उठाकर ऑल इंडिया पुलिस वेटलिफ्टिंग क्लस्टर 2025-26 में रिकॉर्ड कायम किया। उनके इस अद्भुत जज़्बे और साहस की हर तरफ तारीफ हो रही है, जो मातृत्व और शक्ति की नई मिसाल पेश करता है।
प्रेग्नेंसी को काई भी बीमारी ना समझे- सोनिका
दिल्ली पुलिस की कॉन्स्टेबल सोनिका यादव ने कहा, “मैं चाहती हूं कि प्रेग्नेंसी को बीमारी की तरह न देखा जाए। सही मार्गदर्शन से महिलाएं फिटनेस और अपने सपनों दोनों को पूरा कर सकती हैं।” उनकी यह सोच देशभर की महिलाओं के लिए प्रेरणा बन चुकी है। प्रतियोगिता में उनका कमाल और जीत सभी के लिए चौंकाने वाला और प्रेरणादायक रहा।
अपनी ताकत और जज़्बे का सबूत
2023 में पावरलिफ्टिंग शुरू करने वाली सोनिका यादव ने ग्लोबल एथलीट्स से ऑनलाइन सलाह लेकर एक्सपर्ट सुपरविजन में खुद को प्रशिक्षित किया। उनकी मेहनत और लगन का नतीजा है कि उन्होंने ऑल इंडिया पुलिस वेटलिफ्टिंग क्लस्टर 2025-26 में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर अपनी ताकत और जज़्बे का सबूत दिया।
प्रेग्नेंसी में भी नहीं छोड़ी ट्रेनिंग
दिल्ली पुलिस की जांबाज कॉन्स्टेबल सोनिका यादव न केवल खेल में शानदार प्रदर्शन कर रही हैं, बल्कि कम्युनिटी पुलिसिंग सेल में भी सक्रिय हैं। ड्यूटी और फिटनेस में संतुलन बनाते हुए उन्होंने अपनी प्रेग्नेंसी के दौरान भी ट्रेनिंग जारी रखी और साबित किया कि महिला होने का मतलब सिर्फ जिम्मेदारियां नहीं, बल्कि अनगिनत संभावनाएं हैं।
सोनिका के नाम दर्ज हुई बड़ी उपलब्धियां
सोनिका यादव ने प्रतियोगिता में 125 किलोग्राम का स्क्वाट, 80 किलोग्राम की बेंच प्रेस और 145 किलोग्राम की डेडलिफ्ट कर सबको चौंका दिया। उन्होंने बताया कि इंटरनेट पर खोज के दौरान उन्हें लूसी मार्टिन्स नामक महिला का गर्भावस्था में ऐसा ही प्रदर्शन देखने को मिला। इसके बाद सोनिका ने इंस्टाग्राम के जरिए लूसी से संपर्क कर ट्रेनिंग के खास टिप्स लिए।





