नई दिल्ली, 20 अप्रैल (हि.स.)। कोरोना संक्रमण की चपेट में एक बार फिर दिल्ली पुलिस के जवान आ रहे हैं। मंगलवार तड़के कोरोना से संक्रमित दिल्ली पुलिस के एक हवलदार की मेरठ में मौत हो गई। हवलदार हरीश अभी समयपुर बादली थाने में तैनात था। इससे पहले वह नरेला थाने में कार्यरत थे। कोविड से अभी तक 36 पुलिसकर्मियों की दिल्ली में मौत हो चुकी है। बाहरी उत्तरी जिले के डीसीपी राजीव रंजन के अनुसार, हवलदार हरीश कुमार समयपुर बादली थाने में तैनात था। बीते सप्ताह तबियत खराब होने के चलते उसने मेडिकल रेस्ट लिया था। जांच के दौरान हरीश के कोरोना से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। ज्यादा तबियत खराब होने पर परिवार के सदस्यों ने हरीश को मेरठ स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। वहां उपचार के दौरान मंगलवार तड़के हरीश ने दम तोड़ दिया। उसके परिवार की तरफ से इस बाबत दिल्ली पुलिस को जानकारी दी गई है। अब तक 36 पुलिसकर्मियों ने गंवाई जान कोरोना संक्रमण के चलते अब तक दिल्ली पुलिस के 36 जवान अपनी जान गंवा चुके हैं। हाल के दिनों में कोरोना संक्रमण के चलते हरीश सहित दो पुलिसकर्मियों ने अपनी जान गंवाई है। वहीं 300 से ज्यादा पुलिसकर्मी बीते 10 दिनों के भीतर कोरोना से संक्रमित हुए हैं। हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी




