नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । राष्ट्रीय लोक मोर्चा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश को लेकर राजनीतिक विवाद बढ़ता जा रहा है। विपक्ष ने सवाल उठाए हैं कि बिना एमएलए या एमएलसी को मंत्री कैसे बनाया गया और साथ ही दीपक प्रकाश को काउंटिंग एजेंट बनाने को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।
इस बीच, उपेंद्र कुशवाहा ने सोमवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की। पोस्ट में उन्होंने नीतीश कुमार को अपने बड़े भाई के रूप में याद किया और एक मजेदार किस्सा साझा किया। उपेंद्र कुशवाहा ने लिखा कि नीतीश जी ने एक बार कहा था “खाने के दौरान अगर मक्खियां परेशान करें तो घबराएं नहीं। बाएं हाथ से भगाते रहिए और दाहिने हाथ से खाते रहिए।” उन्होंने यह किस्सा लोगों के साथ शेयर करके हल्के-फुल्के अंदाज में एक सियासी संदेश दिया।
उपेंद्र कुशवाहा के पोस्ट में विपक्ष को संदेश
उपेंद्र कुशवाहा के हालिया पोस्ट में सीधे तौर पर उनके बेटे दीपक प्रकाश या विपक्ष का नाम नहीं लिया गया, लेकिन संदर्भ साफ है। उनके बेटे दीपक प्रकाश को पंचायती राज मंत्री बनाया गया है और विपक्ष परिवारवाद का आरोप लगाकर उपेंद्र कुशवाहा पर दबाव डाल रहा है। इस पोस्ट के जरिए उपेंद्र कुशवाहा ने विपक्ष को अप्रत्यक्ष रूप से जवाब दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पुरानी सलाह का जिक्र करके संदेश दिया कि आलोचनाओं या परेशानियों के बीच भी धैर्य और संतुलन बनाए रखना जरूरी है।
परिवारवाद को लेकर घिरे उपेंद्र कुशवाहा
उपेंद्र कुशवाहा पर परिवारवाद के आरोप इसलिए भी लग रहे हैं क्योंकि चुनाव के दौरान उन्होंने अपनी पत्नी स्नेहलता को भी चुनावी मैदान में उतारा था, जो जीत गईं। इसी बीच, शपथ ग्रहण के दिन उपेंद्र कुशवाहा ने अपने बेटे दीपक प्रकाश को पंचायती राज मंत्री के पद की शपथ दिलवाई। वहीं, दीपक प्रकाश को लेकर एक और विवाद है। वे निर्दलीय प्रत्याशी रामायण पासवान के काउंटिंग एजेंट थे, जिनकी जमानत जब्त हो चुकी थी और उन्हें 327 वोट मिले थे। इस कारण भी दीपक प्रकाश को विपक्ष लगातार घेर रहा है।





