नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । भारतीय निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत नई वोटर लिस्ट जारी कर दी है। इस सूची में मतदाताओं के विवरण को अपडेट किया गया है ताकि आगामी चुनाव में निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित किया जा सके।
चुनाव आयोग के अनुसार, बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए जारी फाइनल वोटर लिस्ट में कुल 7.42 करोड़ मतदाता शामिल हैं। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत यह अंतिम निर्वाचक सूची 30 सितंबर 2025 को प्रकाशित की गई, ताकि चुनाव की प्रक्रिया पारदर्शी और सुव्यवस्थित हो सके।
ऐसे चेक करें आपना नाम?
चुनाव आयोग ने बताया है कि मतदाता SIR के तहत जारी वोटर लिस्ट में अपना नाम ऑनलाइन चेक कर सकते हैं। इसके लिए मतदाता https://voters.eci.gov.in/home/enumFormTrack लिंक पर जाकर अपनी विवरण जांच सकते हैं और सुनिश्चित कर सकते हैं कि उनका नाम अंतिम सूची में शामिल है।
बिहार में 22 साल के बाद हुआ SIR
चुनाव आयोग ने बिहार में करीब 22 साल के अंतराल के बाद SIR के तहत वोटर लिस्ट का रीविजन किया। इसके समापन के बाद मंगलवार को अंतिम वोटर लिस्ट प्रकाशित कर दी गई। आयोग ने इससे पहले 1 अगस्त को मसौदा मतदाता सूचियां जारी की थीं, ताकि मतदाताओं को अपने विवरण की पुष्टि करने का मौका मिल सके।
दावे व आपत्तियां को भी दिया समय
चुनाव आयोग ने बताया कि, मसौदा सूची पर व्यक्तियों और राजनीतिक दलों के दावे व आपत्तियां 1 सितंबर तक ली गईं। मसौदा सूची में कुल 7.24 करोड़ मतदाता थे। आयोग के निर्देशों के अनुसार, 01 जुलाई 2025 की अर्हता तिथि को आधार बनाकर, पटना जिले के सभी 14 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की वोटर लिस्ट का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान, 2025 के तहत आज अंतिम प्रकाशन किया गया।
इसके अनुसार, पटना जिले में निर्वाचकों की कुल संख्या 48,15,294 हो गई है, जो 01 अगस्त 2025 को प्रकाशित प्रारूप सूची में शामिल 46,51,694 निर्वाचकों की तुलना में 1,63,600 अधिक है।
आयोग की वोटर्स से खास अपील
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी, पटना ने निर्वाचकों की संख्या में इस सुधार और वृद्धि पर हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने सभी हितधारकों से अपील की है कि वे आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन, 2025 में सक्रिय रूप से भाग लेकर लोकतंत्र को मजबूत बनाएं।
जल्द हो सकती है चुनावों की तारीखों का ऐलान?
सूत्रों के मुताबिक, चुनाव आयोग अगले हफ्ते बिहार में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा कर सकता है। निर्वाचन आयोग 4 और 5 अक्टूबर को चुनावी तैयारियों का जायजा लेने के लिए पटना का दौरा करेगा।





