मोतिहारी, 10 मई (हि. स.)। जिला में कोविड संक्रमित व्यक्तियों की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। तो वहीं जिला प्रशासन ने भी अपना पैनी नजर जमायी हुई है। जिसको लेकर जिलाधिकारी शीर्षत कपिल अशोक ने सोमवार को सदर अस्पताल पहुंच कर व्यवस्था का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हमेशा अलर्ट रहने का निदेश दिया। और अस्पताल में ऑक्सीजन की आपूर्ति, दवा की आपूर्ति के बारे में जानकारी प्राप्त की। तथा ऑक्सीजन एवं आवश्यक दवाओं का मैनेजमेंट सही ढंग से करने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया। जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित विधुत विभाग के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति शिफ्ट मे किया जाए ताकि बिजली की समस्या उत्पन्न ना हो। इसके साथ ही नगर निगम के आयुक्त को कहा कि अस्पताल परिसर में जलजमाव के निकासी के लिए अविलंब व्यवस्था की जाए। डीएम शीर्षत कपिल अशोक ने अभी तक जनरेटर क्रय नहीं होने पर कार्य में शिथिलता को देखते हुए जिला लेखा प्रबंधक (DAM) का 7 दिनों का मानदेय काटने एवं अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी (ACMO) का वेतन बंद करने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया। सुरक्षा व्यवस्था के जायजा के क्रम में सुरक्षा एजेंसी के कार्यों को सही ढंग से नहीं करने के कारण एजेंसी का एक दिन का मानदेय काटने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया गया। साथ ही अनुमंडल पदाधिकारी प्रियरंजन राजू को निर्देश दिया कि मेन रोड पर ही गाड़ी पार्किंग का व्यवस्था किया जाए। लोग टीकाकरण एवं इलाज कराने हेतु निजी वाहन से अंदर नहीं आएंगे, केवल सरकारी एवं एंबुलेंस तथा डॉक्टर की गाड़ी अंदर आएगी। गाड़ी पार्किंग का व्यवस्था सही ढंग से किया जाए। जिलाधिकारी ने सिविल सर्जन को कहा कि दो- दो घंटे पर मरीजों को डॉक्टरों की टीम द्वारा देखा जाए तथा वस्तु स्थिति को उनके परिजन को बताया जाए। ताकि उनके परिजन भी वस्तु स्थिति से अवगत होते रहें।हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार




