बेतिया, 18 मई (हि.स.)। पश्चिम चंपारण मे आगामी बाढ़ की संभावना के दृष्टिगत बाढ़ पूर्व तैयारियों की समीक्षा मंगलवार को की गई। समीक्षा के क्रम में सम्पूर्ति पोर्टल पर लाभूकों का डाटा अद्यतीकरण की समीक्षा के दौरान अंचल अधिकारी, बैरिया, नौतन एवं बगहा-2 अंचल की स्थिति अपेक्षाकृत कम पायी गयी। जिलाधिकारी ने इन अंचलों के अंचल अधिकारियों से स्पष्टीकरण पूछने एवं वेतन अगले आदेश तक बंद रखने का निदेश दिया। पश्चिम चंपारण जिला के जिलाधिकारी ने कहा कि आगामी बाढ़ को लेकर सम्पूर्ति पोर्टल पर लाभुकों का डाटाबेस अद्यतन किया जा रहा है ताकि बाढ़ के दौरान अनुग्रह अनुदान वितरण के लिए इसका उपयोग किया जा सके। इसके लिए उच्च स्तर से प्राप्त निदेश के आलोक में डाटा को अद्यतन किया जा रहा है, जिसे 20 मई तक हर हालते में कर लिया जाना है। जिलाधिकारी ने भूमि सुधार उप समाहर्ताओं को इस कार्य का सतत अनुश्रवण करने का निदेश दिया। जिलाधिकारी द्वारा अनुमंडल पदाधिकारियों को कार्यपालक अभियंताओं के साथ उनके क्षेत्र के सभी तटबंधों का निरीक्षण करते हुए प्रतिवेदन समर्पित करने का निदेश दिया गया ताकि ससमय मरम्मति का कार्य पूर्ण कराया जा सके। साथ ही संभावित बाढ़ से निपटने हेतु सभी आवश्यक तैयारियां ससमय पूर्ण करने का निदेश दिया गया है। चंदा समाचार / अमानुल हक/चंदा




