समस्तीपुर ,03 जून (हि.स.)।केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की योजना धरातल पर फलिभूत हो रही है। बिहार में समस्तीपुर जिले पूसा में स्थित डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा एवं सर्टिफिकेट कोर्स की शुरुआत की गई है। कुलपति डॉ.रमेश चंद्र श्रीवास्तव के नेतृत्व में शुरू किए गए इस कोर्स के बाद कृषि विवि पूसा इस कोर्स को शुरू करने वाला भारत का पहला कृषि विश्वविद्यालय बन गया हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए विवि के कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय में एग्री जर्नलिज्म, एग्री टूरिज्म तथा एग्री वेयरहाउस मैनेजमेंट में पोस्ट ग्रैजुएट डिप्लोमा कोर्स की शुरुआत की जा रही है। उन्होंने बताया कि इसके अलावे विवि में फार्म मेकेनाइजेशन, सीनियर सिटीजन असिस्टेंट, नर्सरी मैनेजमेंट असिस्टेंट, टिश्यू कल्चर लैब असिस्टेंट एवं एआई तथा ईटीटी असिस्टेंट में भी सर्टिफिकेट कोर्स की शुरुआत की जा रही है। हिन्दुस्थान समाचार/त्रिलोकनाथ




