पटना/समस्तीपुर,14 मई (हि.स.)। बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष और समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर सुरक्षित सीट से जनता दल यूनाइटेड के विधायक महेश्वर हजारी ने कहा कि समस्तीपुर जिले के पूसा स्थित अनुमंडलीय अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए आधुनिक ऑक्सीजन प्लांट लगाया जायेगा। बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष और विधायक महेश्वर हजारी ने शुक्रवार को कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार के सहयोग से इस प्लांट की स्थापना की जायेगी। उन्होंने बताया कि पूसा मेें स्थापित होने वाले इस ऑक्सीजन प्लांट से दो सौ लीटर प्रति घंटा ऑक्सीजन का उत्पादन होगा। इस प्लांट के चालू हो जाने के बाद जिले के पूसा अनुमंडलीय अस्पताल के 65 बेडों पर भी ऑक्सीजन की सीधी सप्लाई शुरू हो जायेगी, जिससे कोरोना समेत अन्य बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। जादयू विधायक हजारी ने कहा कि नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) की एक टीम ने पूसा अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट के लिये स्थल चयन का भी निरीक्षण किया है और जल्द ही इसका निर्माण कार्य शुरू होगा। हिन्दुस्थान समाचार/गोविन्द/चंद्र




