आरा,16 मई(हि.स)। जिले के गड़हनी थाना क्षेत्र के गड़हनी में थानाध्यक्ष संतोष कुमार रजक द्वारा लॉकडाउन का पालन कराने के दौरान घर के दरवाजे के भीतर मौजूद महिलाओ के साथ दुर्व्यवहार करने,महिलाओ के हाथ से उनके मोबाइल छीन कर जमीन पर फेंक दिए जाने और थप्पड़ मारने की धमकी दिए जाने का मामला अब तूल पकड़ लिया है। इस घटना का वीडियो वायरल हुआ तो भोजपुर के एसपी राकेश दुबे ने एसडीपीओ को जांच के आदेश दे दिए हैं।अब महिलाओं को थप्पड़ मारने की धमकी देने,उनके हाथ से मोबाइल छीनकर जमीन पर फेंक दिए जाने और दुर्व्यवहार करने के मामले में थानाध्यक्ष पर कार्रवाई लगभग तय मानी जा रही है।रविवार को एसपी राकेश दुबे ने बताया कि एसडीपीओ की रिपोर्ट आने के बाद गड़हनी के थानाध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उधर स्थानीय विधायक मनोज मंजिल ने बताया कि थानाध्यक्ष की विगत कई दिनों से शिकायत मिल रही थी और इस बीच महिलाओ के साथ दुर्व्यवहार की शिकायत मिलने के बाद ऐसे थानाध्यक्ष को तुरन्त सस्पेंड कर एफआईआर दर्ज कराया जाना चाहिए। लॉकडाउन के नाम पर किसी को गुंडागर्दी करने का लाइसेंस नही दिया जाना चाहिए।विधायक मनोज मंजिल ने कहा है कि बिना महिला पुलिस की उपस्थिति में महिलाओ के साथ दुर्व्यवहार के मामले की भी अलग से जांच कराकर कार्रवाई करनी चाहिए। बता दें कि गत गुरुवार को लॉकडाउन का पालन कराने के दौरान थानाध्यक्ष द्वारा एक महिला के साथ बदतमीजी करने का वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में थानाध्यक्ष द्वारा एक महिला को थप्पड़ मारने की धमकी देते और मोबाइल छीन कर फेंके जाने का दृश्य साफ देखा जा रहा था। वायरल वीडियो जिले के एसपी तक भी पहुंच गया। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने तत्काल मामले की जांच का आदेश दे दिया है। महिला ने थानाध्यक्ष पर बेवजह तंग और परेशान करने और दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है। पीड़ित महिला ने बताया कि घटना के समय वह अपने घर में थी, बावजूद इसके थानाध्यक्ष द्वारा दुकान खोले जाने का आरोप लगाते हुए उसके साथ गलत व्यवहार किया गया। थानाध्यक्ष ने धमकाते हुए कहा कि सरकार ने दुकान बंद करने का आदेश दिया है।महिला ने कहा कि वह घर मे है तो यह सुनकर थानाध्यक्ष भड़क उठे और दुर्व्यवहार करना शुरू कर दिया। यहीं नही थानाध्यक्ष ने महिला के घर में आये एक रिश्तेदार को भी थप्पड़ मारने की बात कही है। गड़हनी थानाध्यक्ष संतोष कुमार रजक का एक नही बल्कि एक और दूसरा वीडियो भी अब सामने आया है।इसमें लॉकडाउन का पालन कराने के दौरान थानाध्यक्ष एक दुकान में घुसकर दुकानदार और ग्राहकों को कॉलर पकड़ कर पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। यह घटना चरपोखरी थाना क्षेत्र के गड़हनी गोला बाजार की है। गत शनिवार को अपनी गाड़ी से अपने थाना क्षेत्र में जाने के दौरान चरपोखरी थाना क्षेत्र में दुकान खुली देख वे अपना आपा खो बैठे और दौड़ पड़े। दुकान में जाकर मारपीट शुरू कर दी। थानाध्यक्ष की यह करतूत सीसीटीवी में कैद हो गई है और अब इसका वीडियो भी सामने आ गया है। सीसीटीवी के इस वीडियो में थानाध्यक्ष एक ग्राहक को कॉलर पकड़ कर घसीटते दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित दुकानदार चरपोखरी थाना क्षेत्र के गड़हनी गोला स्थित केशरी क्लॉथ हाउस का मालिक है। अब इस मामले में गड़हनी थानाध्यक्ष पर कार्रवाई होना तय माना जा रहा है। हिन्दुस्थान समाचार/सुरेन्द्र




