गुवाहाटी, 23 अप्रैल (हि.स.)। समूचे देश के साथ ही असम में भी कोरोना संक्रमण के कारण स्थिति धीरे-धीरे जटिल होती जा रही है। कोरोना की दूसरी लहर ने राज्य के सामान्य जीवन को कठिन बना दिया है। इस बीच लोगों में कोरोना के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए डॉ हेडगेवार स्मारक समिति ने विशेष अभियान आरंभ किया है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ उत्तर असम प्रांत प्रचार प्रमुख किशोर शिवम ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि कोरोना संक्रमण ने राज्य के लोगों को चिंतित कर दिया है और दैनिक गतिविधियों को बाधित किया है। धीरे-धीरे बड़े पैमाने पर संक्रमण की ओर बढ़ रही कोरोना महामारी के कारण प्रदेश के अधिकांश जिलों में प्राथमिक विद्यालयों के बंद होने की स्थिति उत्पन्न हो गई है। यहां तक कि सरकार को सीमित संख्या में कर्मचारियों के माध्यम से सरकारी-निजी कार्यालयों में काम करने के लिए मजबूर किया है। इस बीच बाहर से राज्य में आने वालों के कारण कोरोना संक्रमण में वृद्धि की बात कही जा रही है। उन्होंने कहा है कि जागरुकता और सतर्कता को लेकर ऐसा लग रहा है कि कुछ लोग अभी भी सतर्कता की स्थिति में नहीं हैं। राज्य में कोरोना का खतरा जारी है, वहीं डॉ हेडगेवार स्मारक समिति जगह-जगह विशेष कदम उठा रही है। डॉ हेडगेवार स्मारक समिति ने गुवाहाटी के विभिन्न हिस्सों में एमआईसी के माध्यम से कोविड-19 महामारी से बचने के लिए सतर्क और सावधान रहने के तरीके समझाते हुए जनता को हर स्तर पर जागरूक करने के प्रयास जारी रखा है। डॉ हेडगेवार स्मारक समिति ने विभिन्न क्षेत्रों के लोगों के बीच मास्क भी बांटे और सभी से मास्क पहनने का आग्रह किया। देश पर जब भी आपदा की स्थिति होती है तो ऐसे समय में डॉ हेडगेवार स्मारक समिति ने समय-समय पर विभिन्न कार्यक्रमों को लागू कर देश के प्रति जिम्मेदारी का परिचय दिया है। देश में कोरोना की दूसरी लहर जारी है, ऐसे समय में भी डॉ हेडगेवार स्मारक समिति जन स्वास्थ्य के प्रति इस तरह की जागरुकता फैलाकर हर स्तर पर लोगों को सतर्क और जागरूक करने में सफल रही है। उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों प्रदेश में संक्रमण की संख्या ने स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ आमजन को हर स्तर पर चिंतित कर दिया है। डॉ हेडगेवार स्मारक समिति ने जनता से आग्रह किया है कि वे समय रहते कोरोना महामारी से लड़ें। हिन्दुस्थान समाचार/ अरविंद




