नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। विकीलीक्स के संस्थापक जूलियन असांजे को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। वह 5 साल से जेल में बंद थे, अब ब्रिटेन की अदालत ने उन्हें जमानत दे दी है। जूलियन असांजे पेशे से पत्रकार और हैकर हैं, उनपर अमेरिकी सेना के दस्तावेजों को लीक करने आरोप है। विदेशी मीडिया के अनुसार जूलियन असांजे जासूसी मामले में अदालत में अपना दोष स्वीकार करने के लिए तैयार हो गए हैं। इसके बदले में उन्हें अतिरिक्त जेल की सजा नहीं दी जाएगी। इस तरह का उनका अमेरिका के साथ समझौता हुआ है।
यह जूलियन असांजे और अमेरिकी सरकार के बीच एक समझौते के तहत हुआ है
फेडरल कोर्ट में फाइल किए गए दस्तावेजों के अनुसार, जूलियन असांजे 26 जून 2024 को दक्षिणी प्रशांत महासागर में स्थित नॉर्थर्न मारियाना आइलैंड्स की एक कोर्ट में पेश होंगे। इसी कोर्ट में जूलियन असांजे अपना गुनाह स्वीकार करेंगे। जिसके बाद वह अपने देश ऑस्ट्रेलिया जा सकेंगे। यह जूलियन असांजे और अमेरिकी सरकार के बीच एक समझौते के तहत हुआ है।
तब से अमेरिकी सरकार और जूलियन असांजे के बीच विवाद चल रहा था
दरअसल जूलियन असांजे विकीलीक्स के संस्थापक हैं, उन्होंने विकीलीक्स के माध्यम से अमेरिकी सरकार के सैकड़ों गोपनीय दस्तावेजों को पब्लिक कर दिया था। तब से अमेरिकी सरकार और जूलियन असांजे के बीच विवाद चल रहा था। उन्होंने वर्ष 2010 में अफगानिस्तान और इराक युद्धों से संबंधित अमेरिका के सैकड़ों गोपनीय मिलिट्री दस्तावेज पब्लिक कर दिए थे। जिसमे 7,00,000 से अधिक दस्तावेजों में काफी संवेदनशील जानकारी थी। इस संवेदनशील जानकारी में वर्ष 2007 की एक वीडियो भी शामिल है जिसमे इराक में संदिग्ध विद्रोहियों पर अमेरिका के अपाचे हेलीकॉप्टर ने गोलीबारी की थी।
इस तरह उनपर स्वीडन का यौन-अपराध मामला समाप्त हो गया था
जूलियन असांजे को वर्ष 2010 में पहली बार ब्रिटेन में स्वीडिश अधिकारियों ने यौन-अपराध के आरोप में गिरफ्तार किया था। स्वीडिश अधिकारी यौन-अपराध के मामले में जूलियन असांजे से पूछताछ करना चाहते थे। लेकिन जूलियन असांजे इस पूछताछ से बचने के लिए इक्वाडोर के लंदन दूतावास में छिप गए थे और अगले 7 साल तक वहीं छुपे रहे। इस तरह उनपर स्वीडन का यौन-अपराध मामला समाप्त हो गया था।
लेकिन अमेरिका ने जूलियन असांजे को अमेरिका के गोपनीय दस्तावेज लीक करने का दोषी ठहरा दिया था। वहीं वर्ष 2019 में इक्वाडोर सरकार ने भी असांजे का शरणार्थी का स्टेटस समाप्त कर दिया था। जिसके बाद ब्रिटेन ने जूलियन असांजे को जमानत की शर्तों के उल्लंघन करने के दोष में बेलमार्श जेल भेज दिया था। जहां जूलियन असांजे ने 5 साल की सजा काटी और अमेरिका के खिलाफ अपनी लड़ाई लड़ रहे थे। अब अमेरिकसरकार और जूलियन असांजे के बीच समझौते के तहत वह अपना गुनाह कबूल कर लेंगे और अतिरिक्त सजा से बच जायेंगे। ऐसे में अब उनका अपने देश ऑस्ट्रेलिया लौटने का रास्ता साफ हो गया है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




