नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के तरलाई इलाके में स्थित इमाम बारगाह खदीजत-उल-कुबरा में जुमे की नमाज के दौरान जोरदार धमाका हुआ। धमाके के बाद इलाके में भगदड़ मच गई और लोग डर के मारे इधर-उधर भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, सेना और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गईं।
नमाज के वक्त मस्जिद में धमाका, कई लोग हताहत
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में जुमे की नमाज के दौरान बड़ा आत्मघाती हमला हुआ है। तरलाई इलाके में स्थित शिया मस्जिद कस्र-ए-खदीजतुल कुब्रा के गेट पर एक हमलावर ने खुद को बम से उड़ा लिया। इस धमाके में अब तक कम से कम 12 लोगों की मौत की खबर है, जबकि 80 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
धमाके के बाद शहर में इमरजेंसी, सुरक्षा कड़ी
घटना के तुरंत बाद इस्लामाबाद में इमरजेंसी लागू कर दी गई। पुलिस और सुरक्षा बलों ने मस्जिद और आसपास के इलाके को घेर लिया है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और पूरे इलाके में सख्त सुरक्षा व्यवस्था कर दी गई है। अभी तक किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
घायलों को PIMS और CDA अस्पताल में भर्ती
HTN वर्ल्ड न्यूज एजेंसी के मुताबिक हमलावर ने मस्जिद के मुख्य गेट पर खुद को उड़ाया। पुलिस और रेस्क्यू टीम ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (PIMS) और CDA अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल प्रशासन ने इमरजेंसी घोषित कर ऑर्थोपेडिक, बर्न सेंटर और न्यूरोलॉजी विभाग को अलर्ट पर रखा है। इससे पहले 11 नवंबर 2025 को इस्लामाबाद के G-11 इलाके में जिला एवं सत्र न्यायालय के बाहर भी आत्मघाती हमला हुआ था। उस हमले में 12 लोगों की मौत और 30 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। उस समय पाकिस्तान ने भारत पर आरोप लगाए थे, जिन्हें भारत ने सिरे से खारिज कर दिया था। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पहले कहा था कि पाकिस्तान अक्सर झूठे आरोप लगाकर अपने आंतरिक मुद्दों से ध्यान हटाने की कोशिश करता है। भारत ने ऐसे सभी आरोपों को निराधार बताया था।





