नई दिल्ली, रफ्तार। नई दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय जी-20 शिखर सम्मेलन का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समापन किया। PM मोदी ने ‘स्वस्ति अस्तु विश्व’- शांति के लिए प्रार्थना के साथ जी-20 सम्मेलन का समापन किया। मोदी ने ब्राजील (Brazil) को अगले जी-20 सम्मेलन की जिम्मेदारी सौंपी।
एक पृथ्वी-एक परिवार आनंदमय होगा: मोदी
मोदी ने कहा-मैं जी-20 सम्मेलन की समाप्ति की घोषणा करता हूं। आशा है एक पृथ्वी-एक परिवार और एक भविष्य का रोडमैप आनंदमय होगा। 140 करोड़ भारतीयों की इस मंगलकामना के साथ आप सभी का बहुत धन्यवाद। मैं ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो को शुभकामना देता हूं और जी-20 की अध्यक्षता सौंपता हूं।
नवंबर में वर्चुअल सेशन का प्रस्ताव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा नवंबर तक हमारे पास जी-20 की अध्यक्षता है। इन दो दिनों में आपने कई बातें व प्रस्ताव रखे हैं। हमारी जिम्मेदारी है कि जो सुझाव आए हैं, उन्हें देखा जाए कि उनकी प्रगति में गति कैसे लाई जा सकती है? मेरा प्रस्ताव है कि जी-20 का एक और वर्चुअल सेशन नवंबर अंत में रखें। उसमें इस समिट के दौरान तय हुए विषयों की समीक्षा कर सकते हैं। इस सबका ब्योरा आपके साथ हमारी टीम साझा करेगी। आप सब इससे जुड़ेंगे, ऐसी हमें उम्मीद है।
ब्राजील को पूर्ण सहयोग का आश्वासन
मोदी ने एक्स (ट्विटर) पर लिखा- ब्राजील को मैंने अध्यक्षता सौंप दी है। अटूट विश्वास है कि वे इसका समर्पण, दूरदर्शिता के साथ नेतृत्व करेंगे। वैश्विक एकता के साथ समृद्धि को आगे बढ़ाएंगे। भारत ने जी-20 की अध्यक्षता के दौरान ब्राजील को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।




