नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 से 26 फरवरी के बीच दो दिवसीय Israel दौरे पर है। यह पिछले नौ वर्षों में उनका इजरायल का दूसरा दौरा है। इससे पहले वह 4 से 6 जुलाई 2017 के बीच इजरायल गए थे, जब दोनों देशों के रिश्तों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाया गया था।
एयरपोर्ट पर स्वागत, संसद में करेंगे संबोधन
दौरे के दौरान इजरायल के प्रधानमंत्री Benjamin Netanyahu खुद एयरपोर्ट पर पीएम मोदी का स्वागत करेंगे। पीएम मोदी इजरायल की संसद Knesset को संबोधित करेंगे। उनके सम्मान में नेतन्याहू एक निजी डिनर का आयोजन भी करेंगे। दौरे के दौरान दोनों देशों के नेताओं के बीच द्विपक्षीय बैठक होगी। इसमें रक्षा, सुरक्षा, व्यापार, कृषि, विज्ञान और तकनीक जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
भारत-इजरायल संबंध: लगातार मजबूत होते रिश्ते
भारत और इजरायल स्टार्टअप, संयुक्त अनुसंधान, औद्योगिक इनोवेशन कोष (I4F), आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और साइबर सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में मिलकर काम कर रहे हैं। रक्षा सहयोग दोनों देशों की साझेदारी का अहम स्तंभ है। नवंबर 2025 में भारत और इजरायल के बीच रक्षा सहयोग पर समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर हुए थे। नवंबर 2025 में भारत और इजरायल के बीच मुक्त व्यापार समझौता (FTA) पर बातचीत शुरू करने के लिए सहमति बनी। सितंबर 2025 में द्विपक्षीय निवेश समझौते (BIA) पर हस्ताक्षर किए गए, जिससे दोनों देशों के निवेशकों को सुरक्षा मिलेगी। भारत के कई राज्यों में इजरायल की मदद से 43 उत्कृष्टता केंद्र (CoE) स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 35 पूरी तरह काम कर रहे हैं। ये केंद्र आधुनिक खेती और जल प्रबंधन तकनीकों को बढ़ावा दे रहे हैं। अप्रैल 2025 में कृषि क्षेत्र में नई संयुक्त कार्य योजना (2024–26) पर हस्ताक्षर हुए थे।
पिपुल टू पिपुल कनेक्शन
इजरायल में 41,000 से ज्यादा भारतीय मूल के लोग रहते हैं। नवंबर 2023 में दोनों देशों के बीच भारतीय श्रमिकों के लिए सुरक्षित और वैध रोजगार को लेकर समझौता हुआ था। इसके बाद 20,000 भारतीय श्रमिक इजरायल पहुंचे हैं। भारत ने गाज़ा संघर्ष को खत्म करने की व्यापक योजना का स्वागत किया है, जिसकी घोषणा अक्टूबर 2025 में अमेरिका के राष्ट्रपति Donald Trump ने की थी। भारत और इजरायल I2U2 Group के सदस्य हैं। इस समूह में भारत, इजरायल, यूएई और अमेरिका शामिल हैं। यह मंच खाद्य सुरक्षा, नवीकरणीय ऊर्जा, व्यापार और इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं पर सहयोग बढ़ाने के लिए काम करता है।
2018 में नेतन्याहू का भारत दौरा
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने 14 से 19 जनवरी 2018 के बीच भारत की यात्रा की थी। इसके बाद से दोनों नेताओं के बीच फोन पर लगातार संपर्क बना हुआ है और कई अहम मुद्दों पर चर्चा होती रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दौरा भारत–इजरायल संबंधों को और मजबूती देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। संसद संबोधन, निजी डिनर और उच्च स्तरीय वार्ता के जरिए दोनों देश रणनीतिक, आर्थिक और सुरक्षा सहयोग को नई ऊंचाई देने की तैयारी में हैं।





